Raid on Biryani Mahal, Muttton Mahal, Kolkata Biryani House instructed by Health Minister and Health Secretary Kumar Ravi-Bihar Aaptak

बिरयानी महल, कोलकाता बिरयानी, बिग बास्केट सहित कई प्रतिष्ठानों पर रेड, कहीं एक्सपायर्ड सामान जब्त तो कहीं किचन बंद रखने का आदेश

पटना। बिहार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग का जांच अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजधानी पटना और मुजफ्फरपुर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन, अस्वच्छ किचन, एक्सपायर्ड सामग्री और जरूरी दस्तावेजों की कमी जैसी अनियमितताएं सामने आईं। विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बासी एवं खराब खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट कराई, विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे और संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के निर्देश दिए। गंभीर खामियां मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों के किचन को दो से तीन दिनों तक बंद रखने का आदेश भी दिया गया।

Anmol Hotel में ₹36,650 की खाद्य सामग्री जब्त, पनीर और चिकन के नमूने जांच के लिए भेजे

पटना के बुद्ध मार्ग स्थित जीपीओ के पास मेसर्स अनमोल होटल के निरीक्षण में किचन की साफ-सफाई में कमी और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 350 किलोग्राम पनीर, 8 किलोग्राम रोस्टेड चिकन, 15 किलोग्राम ग्रेवी, 4 किलोग्राम मंचूरियन मसाला, 4 किलोग्राम व्हाइट ग्रेवी मिक्स, 10 किलोग्राम रॉ चिकन, 3 किलोग्राम पनीर फ्राई, 2 किलोग्राम मशरूम, 500 ग्राम मंचूरियन, 1 किलोग्राम कटी सब्जियां और 1 किलोग्राम प्याज जब्त कर नष्ट किए गए। जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹36,650 बताया गया है।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं पाए गए। खाद्य सामग्री के भंडारण में FIFO (First In, First Out) नियम का पालन नहीं किया जा रहा था। विभाग ने प्रतिष्ठान को सात दिनों के भीतर कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया। पनीर और चिकन के नमूने भी जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

Biriyani Mall में एक्सपायर्ड दूध, चीज और क्रीम मिली, तीन दिनों तक किचन बंद

पटना के फ्रेजर रोड स्थित द बिरयानी मॉल में निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड दूध (3 किलोग्राम), अमूल चीज (1 किलोग्राम), डेयरी क्रीम (1 किलोग्राम) और अन्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹2,000 बताया गया है। प्रतिष्ठान से कच्चे चिकन के दो नमूने भी जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर कमियां मिलने पर विभाग ने तीन दिनों तक किचन बंद रखने का निर्देश दिया।

Kolkata Biriyani Mahal का किचन अस्वच्छ, दो दिनों तक बंद रखने का आदेश

पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित कोलकाता बिरयानी महल के निरीक्षण के दौरान किचन की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके अलावा वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं थे। विभागीय टीम ने रॉ चिकन मीट और मिर्च पाउडर के नमूने संग्रहित किए। किचन की अस्वच्छ स्थिति को देखते हुए दो दिनों तक इसे बंद रखने का निर्देश दिया गया।

Biriyani Mahal में हाफ बॉयल्ड चिकन और उबला मटन जब्त

पटना के आशियाना-दीघा रोड स्थित बिरयानी महल में कार्रवाई के दौरान 13 किलोग्राम हाफ बॉयल्ड चिकन, 3 किलोग्राम वेज आइटम और 1.5 किलोग्राम उबला हुआ मटन जब्त कर नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹3,150 बताया गया है।

Biriyani Bulz में वेज-नॉनवेज सामग्री एक साथ, जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले

पटना के एसके पुरी स्थित बिरयानी बूल्ज के निरीक्षण में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे हुए पाए गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट तथा FEFO और FIFO नियमों के पालन से संबंधित व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं थी। टीम ने कच्चे बासमती चावल का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया।

Anmolpal Hotel में 52 किलो पनीर और 10 किलो चिकन नष्ट

पटना के बुद्ध मार्ग स्थित मेसर्स अनमोलपाल होटल में खाद्य संरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 52 किलोग्राम पनीर और 10 किलोग्राम चिकन जब्त कर नष्ट किया।

Mutton Mahal में सरसों तेल का नमूना लिया, सात दिनों में दस्तावेज देने का निर्देश

पटना में बिहार म्यूजियम के सामने बेली रोड स्थित मेसर्स मटन महल का निरीक्षण किया गया। टीम ने सरसों तेल का नमूना संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा। प्रतिष्ठान को खाद्य अनुज्ञप्ति से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने तथा सात दिनों के भीतर कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

Tasty Treat Restaurant & Cafe में सड़ी-गली सामग्री मिली

पटना के वेस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित मेसर्स टेस्टी ट्रीट रेस्टोरेंट एंड कैफे में निरीक्षण के दौरान सड़ी-गली खाद्य सामग्री पाई गई। टीम ने 2 किलोग्राम चिकन, 1 किलोग्राम पीली दाल, 1 किलोग्राम पकी हुई मछली और 3 किलोग्राम ग्रेवी जब्त कर नष्ट की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग ₹1,000 बताया गया है।

BigBasket के स्टोर में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ, चार उत्पादों के नमूने लिए

पटना के आशियाना नगर स्थित बिग बास्केट (इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) के निरीक्षण में खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी हुई पाई गई। साथ ही FEFO और FIFO नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। प्रतिष्ठान कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और FOSTaC प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं कर सका। विभागीय टीम ने सरसों तेल, पिस्ता-बादाम, चीनी और मिक्स दाल के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।

Biriyani Mahal में चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने जांच के लिए भेजे

पटना के एसके पुरी, बोरिंग रोड स्थित बिरयानी महल के निरीक्षण में वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। विभागीय टीम ने चिकन मसाला और कच्चे मटन के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे।

Muzaffarpur में A.R. Bakery पर कार्रवाई, ₹2,100 की सामग्री जब्त

मुजफ्फरपुर के शर्फुद्दीनपुर चौक स्थित मेसर्स ए.आर. बेकरी के निरीक्षण के दौरान बिकाजी भुजिया, थम्स अप, स्प्राइट, माजा सहित विभिन्न खाद्य एवं पेय पदार्थों से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं। विभागीय टीम ने संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की। जब्त सामग्री का कुल मूल्य विभागीय रिपोर्ट के अनुसार लगभग ₹2,100 था।

खाद्य कारोबारियों को मानकों का पालन करने की हिदायत

खाद्य संरक्षा विभाग की ओर से राज्यभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मुहैया कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *