भागलपुर में रिटायर्ड जवान की हत्या, नवादा में पेट्रोल पंप कर्मी का गला काटा

पटना : भागलपुर जिले नवगछिया अनुमंडल में अपराधियों ने दिनदहाड़े रिटायर्ड जवान की हत्या कर दी। रंगरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर शिव मंदिर के पास अपराधियों ने रिटायर्ड जवान अजय यादव को गोलियों से भून डाला। गुरुवारर की दोपहर 12 बजे अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। हत्या को अंजाम देकर भागने के दौरान अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की। लोगों के मुताबिक जमीन विवाद में हत्या को अंजाम दिया गया है। जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्ष इकट्‌ठा हुए थे, तभी एक पक्ष के लोगों ने अजय यादव को गोलियां मार दीं। एसपी एसके सरोज ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी पहचान होते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सिर को धड़ से किया अलग
नवादा जिले के गोविंदपुर में पेट्रोल पंप कर्मी की हत्या कर दी गई। अपराधियों ने कर्मी का सिर धड़ से अलग कर दिया। गुरुवार को सिर कटी लाश मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। साथ ही घटना के एक संदिग्ध की जमकर पिटाई की। ग्रामीणों के अनुसार पेट्रोल पंप कर्मी अजय यादव बुधवार की शाम से लापता था। गुरुवार को अनैया पहाड़ी के पास डाक बाबा के पीछे सकरी नदी किनारे सिर कटा अजय का शव मिला। जाम और एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची लोगों को शांत कराया। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले ली।

नालंदा में छेड़खानी का विरोध करने पर युवक को मारा चाकू
नांलदा जिले के नगर नौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में महिलाओं से छेड़खानी कर रहे लोगों को समझाने पर युवक को चाकू मार दिया। मनचलों द्वारा चाकू मारने से 17 वर्षीय शिवम कुमार घायल हो गया। परिजनों ने उसे चंडी रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया है। शिवम ने बताया कि महमदपुर में कुछ लोग शराब के नशे में महिलाओं और युवतियों से छेड़खानी कर रहे थे। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो वे लोग उग्र हो गए और उसे चाकू मार दिया। शिवम के दादा बाला जामदार ने नगरनौसा थाने में दीपक कुमार, रोहित कुमार और राहुल कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *