‘खरमास बाद राजद नहीं बचेगा, बचाने में लग जाएं तेजस्वी’

पटना : बिहार में भाजपा और जदयू के रिश्ते पर हमले को लेकर भाजपा ने बड़ा पलटवार किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि खरमास बाद तेजस्वी राजद को बचाने में लगें। जदयू और भाजपा की चिंता छोड़ें और अपनी पार्टी को बचाएं। इतना ही नहीं नई सरकार के कैबिनेट विस्तार पर उठ रहे सवाल पर भूपेंद्र यादव ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम खरमास को मानते हैं और इसके बाद कैबिनेट का विस्तार होगा। बता दें भूपेंद्र बिहार दौरे पर आए हुए हैं। रविवार को पटना स्थित गेट पब्लिक लाइब्रेरी में पार्टी की जिला कार्यसमिति में शामिल हुए थे। इधर, भूपेंद्र के बयान पर राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पलटवार किया। इन्होंने कहा कि राजद का बाल भी बांका नहीं होने वाला है। राजद कभी नहीं डरता। हां, खरमास बाद एनडीए की सरकार जरूर नहीं बचेगी। मृत्युंजय ने कहा कि भाजपा सूबे में बढ़ते अपराध पर बात क्यों नहीं करती?

सुमो बोले- वैक्सीन पर भ्रम फैला रहा विपक्ष
राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने कहा कि कोरोना वैक्सीन को लेकर विपक्ष भ्रम फैला रहा है। इस वैक्सीन से करोड़ों लोगों की जान बचेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर वैक्सीन को लेकर लोगों की भ्रांतियां दूर करें। साथ ही तीन नए कृषि कानूनों से भी अवगत कराएं।

राष्ट्रवाद के विचार का प्रसार करें
बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं को कहा कि राष्ट्रवाद के विचार का प्रसार करें। इसके लिए अलग-अलग कार्यक्रम का आयोजन करें और लोगों में राष्ट्रवाद की भावना जगाएं। भूपेंद्र ने कहा कि पटना में हमारी पार्टी मजबूत हैं, इसे और मजबूत बनाएं। साथ ही पूरे बिहार और देश में अपनी पार्टी को और मजबूत मनाने में लगे रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *