Samastipur Sarpanch Husband Murder-Bihar Aaptak

समस्तीपुर में सरपंच प्रत्याशी के पति की हत्या, पटना और बगहा में भी वारदात

पटना : बिहार पंचायत चुनाव के दौरान हत्या का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब समस्तीपुर जिले में सरपंच प्रत्याशी के पति की हत्या कर दी गई है। घटना की जानकारी के बाद इलाके में बवाल मचा है। सरपंच प्रत्याशी के समर्थक पुलिस के खिलाफ आक्रोश जता रहे हैं। साथ ही जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवड़ा गांव में अपराधियों ने सरपंच प्रत्याशी हेमा देवी के पति कृष्णा राय की हत्या कर दी है। कृष्णा का शव धान के खेत में मिला है। घटना से आक्रोशित लोगों ने खानपुर-बहेड़ी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। लोग तत्काल हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

पटना में युवक को मारी गोली
राजधानी पटना में अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। गर्दनीबाग थानाक्षेत्र के अंबेडकर चौक के पास गोलू कुमार पर हमला किया गया है। अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है। पुलिस ने गोलू का बयान दर्ज कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लूट के इरादे से युवक को गोली मारी गई है। घटना शुक्रवार की देर रात की है। युवक अपने घर से बिस्किट खरीदने के लिए बाजार गया था। अचानक कुछ युवकों ने उसे रोका और फिर कहासुनी होने पर गोली मारकर भाग गए। हमला करने वाले युवक की पहचान पंकज के रूप में हुई है। गोलू सिपारा का रहने वाला है। फिलहाल वह अपनी ससुराल गर्दनीबाग में था। पुलिस अब आरोपी पंकज की तलाश कर रही है।

बगहा में महिला की हत्या कर खेत में फेंकी लाश
बगहा के रामनगर प्रखंड अंतर्गत छवग्रहिया गांव में अपराधियों ने एक महिला की हत्या कर दी है। महिला का शव खेत में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। फिर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की शिनाख्त 35 वर्षीय प्रतिमा देवी के रूप में हुई है। पति का नाम अनोज राम है। महिला की शिनाख्त होने के बाद ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। फिलहाल पुलिस आक्रोशित लोगों से सड़क जाम हटाने की अपील कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *