दामाद बना दानव: ससुराल में लगाई आग, दो की मौत और दो लोग गंभीर

पटना : पत्नी को तलाक देने पर ससुराल वालों के विरोध से आक्रोशित व्यक्ति ने अपने ससुराल में आग लगा दी। इसमें उसके सास, ससुर समेत चार लोग गंभीर रूप से जल गए। इनमें दो लोगों की स्थिति बेहद गंभीर है। घटना बिहार के अररिया जिले की है। यहां पलासी थाना क्षेत्र की कनखुदिया पंचायत के हसनपुर नया टोले की है। शुक्रवार की सुबह आरोपी अपने साथियों के साथ पेट्रोल लेकर आया और ससुराल में आग लगा दी। इसमें 45 वर्षीय बीबी मरजीना और इनके 10 साल के बेटे अबुजर की मौत हो गई। जबकि मो. इरशाद और उनकी बेटी शाहिस्ता की हालत गंभीर है। दोनों का इलाज चल रहा है। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि मृत बीबी मरजीना के दामाद ने उनकी बेटी नन्हीं बेगम को 15 दिन पहले तलाक दे दिया था। इसका नन्हीं बेगम के मायके वालों ने विरोध किया तो आरोपी दामाद मोजस्सिम ने ससुराल वालों को धमकियां देने लगा।

ससुर ने धमकी दिए जाने की जानकारी पुलिस को दी थी
पीड़ित ससुर मो. इरशाद ने दामाद द्वारा धमकी दिए जाने की जानकारी पलासी थाने को दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। इसी लापरवाही के कारण दामाद ने उनके घर में आग लगा दी और दो लोगों की जान चली गई। थानेदार शिवपूजन कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना की सच्चाई जल्द सामने आ जाएगी। थानेदार ने कहा कि घटना के जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *