बिहार में हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का चल रहा खेल, जिलों तक फैला है नेटवर्क

पटना : बिहार में हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट चल रहा है। इससे जुड़े खुलासे भी हुए हैं। सूबे के नए-नए इलाकों में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिग लड़कियों से देह व्यापार कराने का काम चल रहा है। इसको देखते हुए मुख्य सचिव ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को एसओपी भेजा है। मुख्य सचिव ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को पत्र भेजकर ऑर्केस्ट्रा की आड़ में लड़कियों से देह व्यापार करने वालों की पहचान और दलालों की पहचान कर कार्रवाई करने के लिए कहा है। कुछ संवेदनशील जिलों में डीएम के स्तर पर कमेटी गठित हुई है। दरअसल, कोरोना काल में आर्थिक तंगी झेल रही लड़कियों की मजबूरी का फायदा उठाकर उनको ऑर्केस्ट्रा में शामिल किया जाता है और फिर उनसे जबरन देह व्यापार कराया जाता है।

सभी संस्थाओं को भी अलर्ट रहने का निर्देश
समाज कल्याण विभाग के निदेशक राजकुमार ने बताया कि सभी डीएम को पत्र भेजकर सभी संस्थाओं को देह व्यापार को लेकर अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। संस्थाओं को निर्देश दिया गया है कि वे पुलिस को सूचना दें। बता दें तीन जुलाई को समाजसेवी शाहीना परवीन ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा था और ऑर्केस्ट्रा की आड़ में चलने वाले देह व्यापार के धंधे को लेकर आगाह किया था। हाल में यह खुलासा हुआ है कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में लड़कियों को सफेदपोशों के पास भेजा जाता था। इतना ही नहीं बिहार से लड़कियों को मुंबई तक भेजा जा रहा था। पुलिस ने एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया है, जो बुआ नाम से चर्चित है।

अच्छी नौकरी और पढ़ाई का झंसा देकर फंसाते हैं लड़कियों को
बिक्रमगंज से देह व्यापार को मामला उजागर हुआ। इसके बाद पता चला कि नेटवर्क बिक्रमगंज तक ही नहीं सीमित है, बल्कि मुजफ्फरपुर, रक्सौल, नेपाल और मुंबई तक फैला है। गिरफ्तार की गई दलाल रेखा देवी लड़कियों को अच्छी कंपनी में नौकरी और पढ़ाई का झांसा देकर ऑर्केस्ट्रा में शामिल करती थी। लड़कियों को पहले वह अपने मुंबई स्थित घर पर रखती थी। फिर वहां से मुंबई के डांस बार में लड़कियों को भेजती थी। वहां से भागकर एक बच्ची पटना पहुंची। 14 साल की इस बच्ची ने बाल कल्याण समिति को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामला उजागर हुआ। फिर समिति की शिकायत पर पटना एसएसपी ने प्राथमिकी दर्ज की। दूसरी ओर कमजोर वर्ग के एडीजी अनिल यादव ने रेस्क्यू टीम बनाकर रोहतास में भेजा। जहां टीम के पहुंचने से पहले पीड़ित बच्ची की 12 वर्षीय बहन की हत्या कर दी गई थी। टीम ने वहां से 9 लड़कियों को बरामद किया। इनमें 6 लड़कियां नाबालिग हैं। रेस्क्यू की गई लड़कियों में मुजफ्फरपुर, रोहतास और रक्सौल की लड़कियां हैं।

गिरफ्तार रेखा अपने घर पर रखती थी 10 बाउंसर
ऑर्केस्ट्रा की आड़ में लड़कियों से देह व्यापार कराने वाली रेखा देवी अपने घर पर 10 बाउंसर रखती थी। लड़कियों द्वारा देह व्यापार से इंकार करने पर ये बाउंसर उनके साथ मारपीट करते थे। पुलिस ने बिक्रमगंज थाने में पॉक्सो, हत्या, मानव तस्करी, अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने घटनास्थल से 1.71 लाख रुपए बरामद किए हैं। साथ ही गर्भ निरोधक गोलियां बरामद हुईं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *