तीसरा चरण : भाजपा ने जारी की उम्मीदवारों की सूची, 3 विधायक बेटिकट, 6 महिलाओं को मौका

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण को लेकर भाजपा ने सभी प्रत्याशियों की सूची बुधवार को जारी कर दी। इस बार भी पार्टी ने सवर्णों को अहमियत दी है। साथ ही वैश्य को भी। पार्टी ने 35 सीटों में 10-10 सीटों पर सवर्ण और वैश्य प्रत्याशी को टिकट दिया है। इसके अलावा तीन यादव, दो कुर्मी और कुशवाहा, पांच अनुसूचित जाति और पांच ईबीसी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं एक भी अल्पसंख्यक को टिकट नहीं दिया है। 2015 में अमौर से सबा जफर को उम्मीदवार बने थे। छह महिलाओं को भी मैदान उतारा है। इनमें अररिया के रामनगर सुरक्षित से भागीरथी देवी, नरकटियागंज से रश्मि वर्मा, परहार से गायत्री देवी, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह और कोढ़ा सुरक्षित सीट से कविता पासवान शामिल हैं। बता दें निशा सिंह पूर्व मंत्री विनोद सिंह की पत्नी है, जिनका हाल में ब्रेन हेमरेज से निधन हुआ है। अंतिम चरण में चार मंत्रियों की भी परीक्षा है। पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि बनमनखी सुरक्षित सीट, कला व संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार मोतिहारी, नगर विकास व आवास विभाग मंत्री सुरेश कुमार शर्मा मुजफ्फरपुर से और बेनीपट्‌टी से विनोद नारायण झा चुनावी मैदान में हैं।

इन तीन विधायकों नहीं दिया गया टिकट
भाजपा ने तीन सीटिंग विधायकों को टिकट नहीं दिया। जबकि आठ नए चेहरों पर भरोसा जताया है। बगहा से राम सिंह को टिकट मिला है। फिलहाल पूर्व पेट्रोलियम सचिव राघव शरण पांडेय यहां के विधायक हैं। बथनाहा सुरक्षित सीट से अनिल राम उम्मीदवार बनाए गए हैं। यहां से अभी दिनकर राम विधायक हैं। इसी तरह रक्सौल से प्रमोद सिन्हा को टिकट दिया गया है। फिलहाल अजय कुमार सिंह यहां के विधायक हैं। हाल में प्रमोद सिन्हा भाजपा से जुड़े हैं। पहले यह जदयू में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *