अनलॉक-4: देश भर में चलेगी मेट्रो, ओपन थिएटर को भी छूट… जानें और क्या खुलेगा

पटना : गृह मंत्रालय ने शनिवार को अनलॉक-4 की घोषणा कर दी। इस बार की सबसे बड़ी छूट मेट्रो चलने की दी गई है। मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार देश भर में सात सितंबर से मेट्रो चलेगी। इसके लिए एमएसके के साथ आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और रेल मंत्रालय ने परामर्श किया था। ओपन थिएटर खोलने की भी मंजूरी दी गई। वहीं, बहुप्रतिक्षित मांग स्कूल और कॉलेज खोलने की अनुमति नहीं दी गई। स्कूल-कॉलेज 30 सितंबर तक बंद रहेंगे। सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पुल, एंटरटेंमेंट पार्क आदि जगहों पर गतिविधियां बंद रहेंगी। गृह मंत्रालय की नई गाइडलाइन के अनुसार सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक और अन्य आयोजनों में 100 से ज्यादा लोगों के शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का प्रयोग हर हाल में करना होगा।

सूबे में अपने स्तर पर सरकार नहीं लगा सकेगी लॉकडाउन
गृह मंत्रालय ने अनलॉक-4 की घोषणा के साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि कोई राज्य कंटेनमेंट जोन के बाहर स्थानीय लॉकडाउन नहीं लगा सकते हैं। कई राज्य अपने स्तर से सूबे में लॉकडाउन लगा रहे थे, जिसको देखते हु़ए मंत्रालय ने यह निर्देश दिया है। बता दें कि देश में लॉकडाउन की घोषणा के बाद से लगभग सभी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगी थी। जिसे केंद्र सरकार कोरोना के मामलों को देखते हुए हटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *