कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सक्रिय, पुलिस मुख्यालय पहुंचे

पटना : सुशासन की सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और पुलिस तंत्र फेल साबित हो रहा है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिनों में दूसरी बार पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बुधवार की दोपहर पुलिस मुख्यालय पहुंचे। यहां वह पुलिस अधिकारियों के साथ बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर बात कर रहे हैं। बता दें हाल में विपक्ष के साथ एनडीए सरकार के विधायक भी लगातार पुलिस की कार्यशैली पर नाराज हुए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई थी और सुधार करवाने की बात कही थी। बता दें नीतीश कुमार के आने से पहले पुलिस मुख्यालय के गेट पर डीजीपी एसके सिंघल खुद मौजूद रहे और सीएम का स्वागत किया।

हाल में हुई कई बड़ी घटनाएं
बिहार में नई सरकार के बनने के बाद लगातार हत्या, लूट और अपहरण की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। इनमें कुछ घटनाओं के कारण सरकार की काफी बदनामी भी हुई है। हाल में मुजफ्फरपुर में सोना लूट कांड, पटना से कारोबारी दो भाइयों का अपहरण, गोपालगंज में राजनीतक घराने में वर्चस्व को लेकर गोलीबाड़ी जैसी कई बड़ी घटनाएं हुईं हैं। इन सबको देखते हुए पुलिस मुख्यालय में चल रही बैठक में बड़ी प्रशासनिक फेरबदल की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *