JDU Leader Shalini Singh Patel meet Bihar Health Minister Nishant Kumar on JDU Expansion in UP-Bihar Aaptak

UP में JDU के संगठन विस्तार की तैयारी तेज, निशांत कुमार से मिलीं शालिनी सिंह पटेल

पटना। उत्तर प्रदेश में जनता दल (यूनाइटेड) के संगठन को मजबूत करने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में जेडीयू की राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट, उत्तर प्रदेश की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने पटना सचिवालय पहुंचकर बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से शालिनी सिंह पटेल की इस मुलाकात में जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ पार्टी की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और विभिन्न क्षेत्रों में नियमित संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।

जेडीयू के संगठन को और मजबूत बनाने में जुटीं शालिनी

शालिनी सिंह पटेल ने उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार को लेकर अपनी तैयारियों और बुंदेलखंड सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की कार्ययोजना साझा की। उन्होंने संगठन की जमीनी मजबूती के लिए बूथ स्तर पर मजबूत टीम तैयार करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आम लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

नीतीश कुमार के संघर्ष पर सवाल उठाने वालों को शालिनी सिंह पटेल की दो टूक

उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित जमीनी कार्यकर्ता होते हैं। जब जिला, विधानसभा और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता सक्रिय रहते हैं, तभी पार्टी की नीतियों और विचारधारा को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। मुलाकात के दौरान निशांत कुमार से उन्हें विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन मिला। शालिनी सिंह पटेल ने इस मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उत्तर प्रदेश में जेडीयू के संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

राष्ट्रीय मीडिया पैनल में भी मिली है जिम्मेदारी

गौरतलब है कि जेडीयू ने हाल ही में अपने राष्ट्रीय संगठन में फेरबदल करते हुए शालिनी पटेल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ निखिल मंडल और विधायक कोमल सिंह को भी राष्ट्रीय मीडिया पैनल में शामिल किया गया है। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी के रूप में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं।

उल्लेखनीय है कि जेडीयू ने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी नेतृत्व की ओर से 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए के घटक दल के रूप में उतरने की संभावना भी जताई गई है। ऐसे में प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कवायद को आगामी चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *