Double Decker Flyover in Patna-Bihar Aaptak

बड़ी सौगात: बिहार के दूसरे डबल डेकर फ्लाईओवर का शिलान्यास, पटनावासियों को मिलेगी राहत

पटना : बिहार के दूसरे डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण के लिए शिलान्यास कर दिया गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। राजधानी पटना में कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक बनने वाले इस फ्लाईओवर का निर्माण तीन साल में पूरा किया जाएगा। इस पर आवागमन शुरू होने के बाद अशोक राजपथ पर जाम से निजात मिलेगी। फ्लाईओवर के एक तल्ले पर आने और दूसरे तल्ले पर जाने की व्यवस्था होगी। फ्लाईओवर पर तीन जंक्शन होंगे। इनका निर्माण कारगिल चौक, कृष्णा घाट और एनआईटी मोड़ पर किया जाएगा। इस परियोजना के निर्माण में जगह के अनुसार सिंगल पियर और पोर्टल फ्रेम का प्रावधान है। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड भी रहेगा। पहला डबल डेकर फ्लाईओवर छपरा में बन रहा है।

जेपी गंगा पथ परियोजना से भी जोड़ा जाएगा
कारगिल चौक से बनने वाले इस डबल डेकर फ्लाईओवर को जेपी गंगा पथ परियोजना से भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद गायघाट, पटना सिटी, कच्ची दरगाह तक जेपी गंगा पथ से यातायात आसान हो जाएगा। इस पूरी परियोजना पर 422 करोड़ रुपए खर्च होगा। इस फ्लाईओवर की लंबाई 2.198 होगी। पहला तल्ला 1.50 किलोमीटर लंबा होगा। जबकि दूसरा तल्ला 2.20 किलोमीटर लंबा होगा। 7.50 मीटर कैरेज वे चौड़ा होगा।

बिहार में छपरा में पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जारी है। छपरा का डबल डेकर ब्रिज बिहार का पहला ऐसा पुल होगा, जिस पर दोपहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन होगा। 12 सितम्बर 2017 को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद 11 जुलाई 2018 के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छपरा में देश के सबसे लंबे (3.5 किमी) डबल डेकर पुल की नींव रखी थी।

CM-Nitish-Kumar-Bihar-Aaptak
निर्माण कार्य का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार!

पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार अशोक राजपथ पर कारगिल चैक से पीएमसीएच होकर साइंस कॉलेज तक डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है, जिसे हर हाल में 3 साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार इसके बनने से अशोक राजपथ को जाम से मुक्ति मिलने की संभावना है। बता दें कि डबल डेकर फ्लाईओवर के पहले तल्ले पर आने की व्यवस्था होगी, जबकि दूसरे तल्ले पर जाने की व्यवस्था की जाएगी। कारगिल चैक से साइंस कॉलेज की ओर दूसरे तल्ले से लोग जा सकेंगे, जबकि साइंस कॉलेज से कारगिल चैक आने के लिए पहले तल्ले का उपयोग किया जाएगा। ऐसा अगर वाकई जल्दी शुरू हो गया तो फिर गांधी मैदान से अशोक राजपथ होकर पटना सिटी जाने वालों को बहुत आराम होगा।

इस फ्लाईओवर में कारगिल चैक, कृष्णा घाट और एनआईटी मोड़ के समीप तीन जंक्शन बनाए जाएंगे। इसकी संपर्कता कारगिल चैक, पीएमसीएच, कृष्णा घाट, एनआईटी, लॉ कॉलेज और महेंद्रू से होगी। फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड का भी प्रावधान किया जाना है, जिससे डबल डेकर फ्लाईओवर के साथ ही जमीन से भी गुजरने वाली गाड़ियों की आवाजाही आसानी से संभव हो सकेगी। सबसे बड़ी बात यह कि पीएमसीएच आने-जाने वाले मरीजों को किसी तरह की कोई असुविधा ना हो इसके लिए पूरा ध्यान रखा गया है। अधिकारी बताते हैं कि निर्माणाधीन जेपी गंगा पथ परियोजना को भी अशोक राजपथ के इस फ्लाईओवर से जोड़ने का प्लान तय किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *