बिहार में पकड़ौआ विवाह फिर शुरू, बंदूक की नोंक पर युवक की कराई शादी

पटना : बिहार में एक बार फिर पकड़ौआ (जबरिया) शादी शुरू हो गई है। हाल में लखीसराय में एक युवक को अगवा कर जबरन उसकी शादी कराई गई थी। अब जमुई में ऐसी ही घटना हुई है। यहां खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ दाबिल निवासी किशोरी सिंह के बेटे अमित कुमार को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया और फिर बंदूक की नोंक पर उसकी जबरन शादी करवा दी। अमित के परिवार वालों ने बताया कि वह आज सुबह 10 बजे घर से निकला था। इस दौरान गांव के ही धीरज कुमार ने अपने साथ हरिहर गांव ले गया। अमित द्वारा मना करने पर पास में लगी स्कॉर्पियो से पांच लोग उतरे और अमित को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसे गिद्धौर, मांगोबंदर, खैरा थाना होते चेवाड़ा थाना के एकहरा गांव में अनिल सिंह के घर ले गए। यहां अनिल की बेटी से अमित की शादी करवा दी। सूचना पर खैरा थाने के दारोगा त्रिपुरारी कुमार एकहरा गांव पहुंचे और अमित को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया। मामले की सूचना मिलने पर एएसपी सुधांशु नारायण ने कहा कि सभी दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

बारात में चाकूबाजी; एक की मौत, कई जख्मी
सारण में बारात में चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन बाराती जख्मी हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृत युवक की पहचान कोपा थाना क्षेत्र के कुमना गांव निवासी नजीर मियां के 26 वर्षीय बेटे अफरोज अली के रूप में हुई है। घायलों में मो. दारोगा मियां के बेटे रफीक अली और अजमेल अली, मो. शागिर के बेटे साहेब अली, सफीक अली और सेराज अली शामिल हैं। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चाकूबाजी में दोनों पक्ष से लोग घायल हुए हैं। घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पूर्व के विवाद में बारात में युवक की हत्या
ग्रामीणों ने बताया कि कुमना गांव के ही मो. बशीर मियां की बेटी की बारात आई थी। बशीर मियां के परिवार वाले बारातियों के स्वागत में लगे थे। शादी की रस्में चल रहीं थीं। तभी मोगल मियां की ओर से आधा दर्जन लोग पारंपरिक हथियार लेकर आए और अफरोज अली समेत अन्य पर हमला बोल दिया। पूर्व के विवाद में बारात में अफरोज अली को चाकू घोंप कर मार डाला गया। सदर एसडीपीओ मुनेश्वर प्रसाद सिंह ने बताया कि चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। ये सभी नामजद अभियुक्त हैं।

भागलपुर में बमबाजी में आधा दर्जन लोग जख्मी
भागलपुर में जमीन विवाद में दो पक्षों में बमबाजी हुई। इसमें आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए हैं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंचने के बाद दोनों पक्ष शांत हुए। घटना मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हसनगंज रोड की है। यहां जमीन विवाद में बमबाजी हुई। पुलिस ने इलाके के मोलाना चक स्थित बड़ी महल के पास से एक थैले से पांच बम बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *