मायावती के बाद चिराग को लग सकता है झटका, नीतीश से मिले लोजपा विधायक

पटना : उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती के बाद अब चिराग पासवान को झटका लगने वाला है। बिहार में बसपा के एक मात्र विधायक जदयू में शामिल हो गए और अब लोजपा के एक मात्र विधायक राजकुमार सिंह भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले हैं। इससे पहले राजकुमार ने जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी से मुलाकात की थी। अब बेगूसराय जिले के मटिहानी विधानसभा के विधायक राजकुमार सिंह मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश से मिले हैं। इसे राजकुमार का जदयू में शामिल होने की ओर दूसरा कदम माना जा रहा है।

राजकुमार ने कहा था-एनडीए के नेता हैं नीतीश
हाल में एक कार्यक्रम में लोजपा विधायक राजकुमार सिंह ने नीतीश कुमार की तारीफ की थी। साथ ही नीतीश को बिहार में एनडीए का नेता बताया था। तब से उनका जदयू में शामिल होने को लेकर कयास और भी मजबूत हो गया है। गौरतलब है कि इस विधानसभा चुनाव में नीतीश का सबसे ज्यादा विरोध लोजपा ने किया था। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लगातार नीतीश पर व्यक्तिगत तौर पर हमला बोला था। लोजपा एनडीए से अलग होकर चुनाव भी लड़ी और सिर्फ एक सीट जीत सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *