Covid-19 : दुनिया में कोरोना के 70 लाख मरीज, भारत अब 5वां सबसे ज्यादा संक्रमित देश

पटना : कोरोना वायरस का संक्रमण पूरी दुनिया में बहुत तेजी से फैल रहा है। दुनिया में इस महामारी की चपेट में अब तक 70 लाख लोग आ चुके हैं। वहीं, चार लाख से अधिक मरीजों की मौत हो गई है। रविवार की सुबह तक दुनिया में 69 लाख 72 हजार 427 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। राहत की बात है कि 34 लाख 11 हजार 118 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। भारत में यह महामारी बहुत तेजी से फैलने लगी है। नतीजतन, कोरोना वायरस के संक्रमण मामले में भारत सातवें से अब पांचवें नंबर पर आ गया है। भारत में स्पेन से भी ज्यादा कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। देश में अब तक 2 लाख 45 हजार 670 लोग संक्रमित हो चुके हैं। करीब 6600 मरीजों की जान चली गई है। जबकि स्पेन में 2 लाख 41 हजार 310 केस आए हैं।

भारत से ज्यादा संक्रमण ब्रिटेन, रूस, ब्राजील और अमेरिका में
कोरोना संक्रमण के मामले में भारत से आगे चार देश हैं। इनमें ब्रिटेन, रूस, ब्राजील और अमेरिका हैं। अमेरिका में 19 लाख 20 हजार 061 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। फिलहाल 13 लाख 9 हजार 410 मरीज एक्टिव हैं। ब्राजील में 6 लाख 72 हजार 846 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें 3 लाख 59 हजार 767 मरीज एक्टिव हैं। रूस में 4 लाख 58 हजार 102 लोग संक्रमित हुए हैं, जिसमें 2 लाख 31 हजार 450 लोग इलाज करा रहे हैं। ब्रिटेन में 2 लाख 86 हजार 294 पॉजिटिव केस आ चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *