Covid-19 : कोरोना अब खतरनाक स्टेज में, देश में करीब 4 लाख मरीज

पटना : कोरोना संक्रमण को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने फिर अलर्ट जारी किया है। संगठन ने कहा कि हम कोरोना के नए और खतरनाक स्टेज में हैं। पूरी दुनिया में शुक्रवार को एक दिन में सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। डब्ल्यूएचओ प्रमुख टेड्रोस अधानम गेब्रेयेसस ने कहा कि नए मामलों में लगभग आधे उत्तर और दक्षिण अमेरिका महाद्वीप से हैं। दक्षिण और पश्चिम एशिया में भी मामले काफी अधिक हैं। संगठन प्रमुख ने कहा कि हमें बचाव कार्यों पर अब बहुत ज्यादा सख्त होने की जरूरत है। सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क पहनना और साबुन से बार-बार हाथ धोना अब भी बेहद जरूरी है। इधर, भारत में कोरोना मरीजों की संख्या लगभग 4 लाख हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 3 लाख 80 हजार 532 संक्रमित हो गए हैं। वहीं, इस महामारी से अब तक 12 हजार 573 लोगों की मौत हो गई है। बीते 24 घंटे में सिर्फ 13 हजार 586 नए मरीज मिले हैं। जबकि 336 मरीजों ने जान गंवा दी।

महाराष्ट्र, तमिलनाडु व दिल्ली में लगातार बढ़ रहा संक्रमण
देश में कोरोना का कहर महानगरों में ज्यादा है। सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र है। यहां बीते 24 घंटे में 3 हजार 827 नए मरीज मिले हैं। अब सूबे में संक्रमितों की संख्या 1 लाख 24 हजार 331 हो गई है। इनमें 55 हजार 665 मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि 62 हजार 773 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। दूसरे नंबर पर तमिलनाडु है, जहां 24 घंटे में 2115 नए मरीज मिले हैं। कुल संक्रमित 54 हजार 449 हो गए हैं। इनमें 23 हजार 512 का इलाज चल रहा है। तीसरे नंबर पर राजधानी दिल्ली है। यहां 24 घंटे में 3137 नए मरीज मिले। कुल संक्रमित 53 हजार 116 हुए हैं। इनमें 27 हजार 512 का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *