Covid-19: तीसरी लहर के संकेत, महाराष्ट्र में फिर बढ़ने लगे मरीज

पटना : कोरोना वायरस की तीसरी लहर के संकेत मिलने लगे हैं। महाराष्ट्र में एक बार फिर संक्रमण बढ़ने लगा है। इस महीने 11 दिनों में 88130 नए मरीज मिले हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने कहा है कि इतने संक्रमितों का मिलना तीसरी लहर का संकेत हो सकता है, क्योंकि यहां पिछली दो लहरों में इसी तरह के संकेत सामने आए थे। महाराष्ट्र के अलावा केरल में सबसे बुरी स्थिति है। यहां पूरे देश से सबसे अधिक मामले आए हैं। एक जुलाई से 10 जुलाई तक केरल में 1 लाख 28 हजार 951 नए मरीज मिले हैं। वहीं, दिल्ली में दूसरी लहर के दौरान जहां 25 हजार मामले सामने आए थे, वहां एक जुलाई से 11 जुलाई के बीच सिर्फ 870 मरीज मिले हैं।

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में ज्यादा मिल रहे मरीज
महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में सबसे ज्यादा नए मरीज सामने आ रहे हैं। यहां पिछले 15 दिनों में 3 हजार नए पॉजिटिव मिले हैं। मुंबई में पिछले तीन दिनों से 600 से कम मरीज मिल रहे हैं। कोविड टास्क फोर्स के सदस्य डॉ. शशांक जोशी ने बताया कि कोल्हापुर की स्थिति बेहद नाजुक है। वो भी तब जब यहां सबसे अधिक टीकाकरण हुआ है।

इन 5 राज्यों में सबसे अधिक मरीज
देश में सोमवार को कोरोना से संक्रमित 37 हजार 154 नए मरीज मिले। अब देश भर में कोरोना पॉजिटिवों की कुल संख्या 3 करोड़ 8 लाख 74 हजार 376 हो गई है। इनमें 1.46 प्रतिशत मरीजों का इलाज चल रहा है। यानी एक्टिव केस 4 लाख 50 हजार 899 हैं। देश में पांच राज्यों में सबसे अधिक संक्रमण फैला है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पावर ने बताया कि महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश में सबसे अधिक मरीज मिल रहे हैं। इन राज्यों में केंद्र सरकार ने टीम भेज दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *