Covid-19:मंगोलिया से बिहार आया शख्स पॉजिटिव, 3 दिन पहले उपराष्ट्रपति से भी मिला था

पटना : कोरोना का संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। इस बीच बोधगया में मंगोलिया से आए 23 लोगों के प्रतिनिधिमंडल में से एक शख्स कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसकी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मंगोलिया संसद के अध्यक्ष गोम्बोजव झंडनशतर के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू से भी मिला था। गया के जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पॉजिटिव शख्स को मगध मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया है कि सैंपल जांच के लिए बाहर भेज दिया जाएगा। ताकि यह स्पष्ट हो जाएगा संक्रमित शख्स ओमिक्रोन से तो बीमार नहीं है।

गौरतलब है कि मंगोलिया के संसद अध्यक्ष के नेतृत्व में 23 लोगों का प्रतिनिधिमंडल दो दिसंबर को गया आया था। सभी लोग दिल्ली होकर गया आए थे। यहां एयरपोर्ट पर इनकी आरटी-पीसीआर जांच की गई, मगर इन सभी को क्वरेंटाइन नहीं किया गया। अब केंद्र सरकार का निर्देश है कि हर विदेशी को 14 दिन क्वारेंटाइन करना है। ये सभी बोध गया के डुंगेश्वरी पर्वत पर भगवान बुद्ध की तपोस्थली का दर्शन करने गए थे। मंगोलियों ने महाबोधि मंदिर में भगवान बुद्ध के दर्शन किया था। इनकी मेहमान नवाजी में जिला प्रशासन के अधिकारी लगे थे।

सूबे में कोरोना से मौत के मामलों में बीते 24 घंटों में जबरदस्त उछाल आया है। शुक्रवार को मरने वालों की संख्या 2424 बढ़ गई। जबकि 2 दिसंबर तक मरने वालों की संख्या 9664 थी। अब यह 12089 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले डेढ़ साल में कोरोना से मौत के जो भी आवेदन आए थे, उनकी जांच कर आंकड़े अपडेट किए जा रहे हैं। 9 जून को सरकार को संशोधित आंकड़े पेश किए गए थे। तब 3951 अधिक मौतें जोड़ीं हुईं थीं। सबसे अधिक पटना में 445 ज्यादा मौतें जोड़ीं हुईं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *