पटना : कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन ने अपराधिक घटनाओं पर भी लगाम लगा दिया है। खासतौर पर राजधानी पटना में लॉकडाउन के दौरान अपराधिक घटनाएं 92 प्रतिशत कम हो गईं। लोगों के घर में रहने और पुलिस की भी सक्रियता के कारण लूट व डकैती में 70 से 92 प्रतिशत की गिरावट हुई। जबकि हत्या का ग्राफ 50 प्रतिशत लुढ़का है। इसकी जानकरी पटना पुलिस ने दी है। पटना पुलिस ने 23 मार्च 2019 से 31 मई 2020 तक के आंकड़े जारी किए हैं। पुलिस ने बताया कि 23 मार्च से 31 मई तक 10 डकैती हुई थी। इस साल सिर्फ दो डकैती हुई है। पटना रेंज आईजी संजय सिंह ने कहा कि कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई थी और ड्रोन से निगरानी हो रही थी। इस कारण अपराधिक घटनाओं में गिरावट हुई है।
पुलिस के जवान से ठगे 1.50 लाख रुपए
पटना ट्रैफिक पुलिस के सिपाही शशिकांत दुबे के खाते से साइबर अपराधियों ने 1.50 लाख रुपए उड़ा लिए। सिपाही ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास एक फोन आया था और फोन पर कहा गया कि आपका पे फोन एप बंद हो गया है। इसे दोबारा चालू करने के लिए अपने बैंक अकाउंट का अंतिम चार नंबर बताएं। सिपाही ने अकाउंट के अंतिम चार नंबर बता दिए। इसके बाद उनके फोन पर एक ओटीपी आया तो उन्होंने उसकी जानकारी भी दे दी थी।