लोजपा के नए जिलाध्यक्षों का ऐलान, नीरज- आरजेडी का नाम बेऊर राजद या तिहाड़ राजद होना चाहिए

पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने नई कमेटी का गठन कर लिया है। पार्टी ने अपने सभी नए जिलाध्यक्षों का ऐलान भी कर दिया। 36 जिलाध्यक्षों की सूची जारी हुई है। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रिंस राज ने बताया कि जिलाध्यक्ष तो 42 बनाए जाते हैं पर फिलहाल 36 जिलाध्यक्षों के नाम पर मुहर लगी है। इस नई सूची में कुछ पुराने जिलाध्यक्ष भी हैं। पटना पूर्वी का जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को बनाया गया है। पटना पश्चिमी की जिम्मेदारी चंदन यादव को दी गई है। इसी तरह दरभंगा का जिलाध्यक्ष देवेंद्र झा को बनाया गया। समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ पासवान, बेगूसराय के जिलाध्यक्ष प्रेम पासवान और सुपौल के जिलाध्यक्ष अशोक राम बनाए गए हैं।

दो दिन पहले लोजपा के इकलौते विधायक जदयू में हुए हैं शामिल
लोजपा के इकलौते विधायक राजकुमार सिंह दो दिन पहले ही जदयू में शामिल हुए हैं। जदयू के शीर्ष नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राजकुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की। इस विधानसभा चुनाव में राजकुमार मटिहानी से लोजपा के टिकट पर खड़े हुए थे और जीत हासिल की थी। लोजपा के इकलौते विधायक थे और लंबे समय से जदयू में इनके जाने की चर्चा हो रही थी। इनसे पहले बसपा के इकलौते विधायक जमा खां ने भी जदयू की सदस्यता ले ली थी।

मधुबनी नसंहार को लेकर तेजस्वी पर जदयू का पलटवार
मधुबनी जिले के बेनीपट्‌टी प्रखंड अंतर्गत महमदपुर गांव में होली के दिन एक ही परिवार के पांच लोगों की निर्मम हत्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर जदयू ने पलटवार किया है। जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि तेजस्वी अपने माता-पिता के शासनकाल को जरा याद कर लें। उनके शासन में 118 नसंहार हुए। इन नसंहार के आरोपी तत्कालीन मुख्यमंत्री के आवास में ही पनाह लेते थे। जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज में अपराधी जेल में जाते हैं। इसका ताजा उदाहरण है कि नरसंहार के मुख्य आरोपी प्रवीण झा समेत पांच अपराधी गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। हमलोगों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर यही बात कही थी कि हमें 48 से 72 घंटे का समय दीजिए, अपराधी सलाखों के पीछे होंगे।

शहाबुद्दीन ने जिसका मर्डर किया, उसके परिजनों से क्यों नहीं मिले तेजस्वी
जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कि सीवान में शहाबुद्दीन ने जिसका मर्डर किया, उसके परिजनों से अब तक तेजस्वी यादव क्यों नहीं मिले हैं? नवादा में उनको राजवल्लभ यादव की रेप पीड़िता से मिलना चाहिए। उनके विधायक रह चुके राजवल्लभ फिलहाल जेल में हैं। जदयू नेता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव को शर्म आना चाहिए। जब वह नरसंहार पीड़ित परिवार से मिलने गए तो माला से लदे हुए थे और अपने नाम का जयकारा लगवा रहे थे। यह कितनी शर्मनाक बात है। नीरज ने कहा कि आरजेडी का नामांकरण कर बेऊर राजद या तिहाड़ राजद होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि तेजस्वी को मौका मिले तो वह जेल में बंद आदमी को गृहमंत्री बना दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *