बिहार पंचायत चुनाव में औरंगाबाद में फायरिंग, मुखिया प्रत्याशी के पति समेत 5 गिरफ्तार

पटना : बिहार में पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान शुक्रवार को कई जगहों पर बवाल हुआ। औरंगाबाद में मतदान के दौरान बवाल हुआ। यहां कुछ लोगों ने फायरिंग भी की है। जिले के बिसैनी गांव में मतदान के दौरान गोलीबारी करने वाले पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें मुखिया प्रत्याशी के पति पंकज यादव, वार्ड सदस्य प्रत्याशी इस्तेखार साह, अरुण पासवान-पहरमा, मो.मुनाजिर-बिसैनी और सुनील शर्मा शामिल हैं। मुखिया प्रत्याशी के पति पर हंगामा करने और बूथ लूटने का आरोप है। डीएम सौरव जोरवाल ने बताया कि मतदान के दौरान उपद्रव मचाने पर उक्त कार्रवाई की गई है। डीएम ने बताया कि मतदान के दौरान बवाल किए जाने से कई लोग घायल हो गए हैं। इधर, जहानाबाद जिले के काको प्रखंड में सुबह 11 बजे तक 17.46 प्रतिशत मदान हुआ है। इसमें पुरुष मतदाना 17.10 प्रतिशत और महिला मतदाना 17.86 प्रतिशत हैं।

10 जिलों के 12 प्रखंडों में चल रही वोटिंग
सूबे के 10 जिलों में मतदान चल रहा है। इन जिलों के 12 प्रखंडों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ है। शाम 5 बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के मुताबिक सूबे में 2119 बूथ बनाए गए हैं। आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को कोविड-19 से जुड़ी गाइडलाइन के तहत वोट डालना है। इधर, भभुआ जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत घटाव पंचायत की बूथ संख्या 113 पर डेढ़ घंटे ईवीएम बंद रही। बूथ संख्या 114 पर सुबह सात बजे से सुबह 9:20 बजे तक ईवीएम खराब थी। गोविंदपुर प्रखंड में भी कई बूथों पर ईवीएम खराब रही। कैमूर जिले के शेखपूरवा मतदान केंद्र पर एक घंटे ईवीएम खराब थी। रोहतास जिले के दावथ प्रखंड में ईवीएम में खराबी के कारण दो घंटे देर से मतदान शुरू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *