UP के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का निधन, दो बार बने थे मुख्यमंत्री

पटना : उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह (89 वर्षीय) का शनिवार की रात निधन हो गया। वह लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में भर्ती थे। उन्होंने आईसीयू में अंतिम सांसें लीं। कल्याण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया- मैं शब्दों से परे दुखी हूं। कल्याण सिंह जी… राजनेता, अनुभवी प्रशासक, जमीनी स्तर के नेता और महान इंसान। उत्तरप्रदेश के विकास में उनका अमित योगदान है। उनके पुत्र राजवीर सिंह से बात की और संवेदना व्यक्ति की। ओम शांति। गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया- कल्याण सिंह के निधन से देश ने आज एक सच्चे राष्ट्रभक्त, ईमानदार और धर्मनिष्ठ राजनेता को खो दिया। बाबूजी एक ऐसे विराट वटवृक्ष थे, जिनकी छाया में भाजपा पनपी और उसका विस्तार हुआ। उन्होंने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के एक सच्चे उपासक के रूप में जीवन भर देश और जनता की सेवा की। यूपी के पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट किया-उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह जी का निधन हृदय विदारक है! दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति दे भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि। यूपी की पूर्व सीएम और बसपा प्रमुख मायावती ने लिखा- भाजपा के कद्दावर नेता और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के निधन की खबन अति दुखद है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी कल्याण सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा- कल्याण सिंह के निधन से उत्तरप्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

कल्याण कब-कब बने मुख्यमंत्री
कल्याण सिंह पहली बार 1991 के जून में मुख्यमंत्री बने। हालांकि यह कार्यकाल बेहद छोटा रहा और वह 1992 के दिसंबर तक ही इस पद पर बने रहे। फिर 1997 के सितंबर से 1999 के नवंबर तक वह उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद वह 2014 से 2019 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे। फिलहाल कुछ महीनों से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। अस्पताल में ही उनका इलाज चल रहा है। करीब दो हफ्तों से वह आईसीयू में भर्ती थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *