बिहार में ‘दान’ को लेकर सुमो पर तेजस्वी का दबाव, राहत कोष का हिसाब मांगा

पटना : कोरोना को लेकर बचाव और राहत कार्य के लिए दान में लिए फंड पर बिहार में सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने  उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी से दान का हिसाब मांगा है। दरअसल, तेजस्वी यादव ने उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के एक ट्वीट पर पलटवार किया है। तेजस्वी ने सुमो के ट्वीट पर री-ट्वीट किया- शर्म आनी चाहिए आपको। राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय लालू प्रसाद जी के निर्देशानुसार जितना राजद नेत्री श्रीमती विभा यादव जी ने अकेले राहत कोष में दान किया, उतना देश की सबसे धनी आपकी पार्टी के बिहार के सभी विधायकों और विधान पार्षदों ने मिलाकर भी नहीं किया। बोलो सच है या झूठ?? बोलो??

सुमो ने कांग्रेस व राजद पर दान को लेकर उठाया था सवाल
तेजस्वी के ट्वीट से पहले उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने शनिवर की सुबह 8:15 में ट्वीट किया- कोरोना संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी पहल की, उसका दुनिया लोहा मान रही है। जबकि देश में कांग्रेस और राजद जैसे दल हर बात का विरोध करते रहे। बिहार में राजद के किसी विधायक ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दान नहीं किया। पार्टी के कार्यकर्ता भी कहीं गरीबों की मदद करते नहीं दिखे। आगे सुमो ने लिखा-जिस राजद का लोकसभा में एक भी सदस्य नहीं, उसने सांसद निधि स्थगित करने का विरोध किया। बिहार में विधायकों-पार्षदों के सालाना फंड से 50 लाख रुपए आपदा कोष में लेने का फैसला भी इन्हें नागवार गुजरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *