झारखंड सीएम हुए होम क्वारेंटाइन, पॉजिटिव मंत्री से हुई थी मुलाकात

रांची : बिहार में मुख्यमंत्री आवास में कोरोना का संक्रमण फैलने के बाद झारखंड सीएम संक्रमण को लेकर सशंकित हैं। हेमंत सोरेन ने खुद को होम क्वारेंटाइन कर लिया है। साथ ही मुख्यमंत्री आवास में लोगों के आने पर पाबंदी लगा दी गई है। दरअसल, झारखंड के पेयजल व स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। हाल में सीएम हेमंत और मंत्री मिथिलेश ठाकुर एक कार्यक्रम में मिले थे। ऐसे में एहतियातन हेमंत सोरेन ने खुद को होम क्वारेंटाइन किया है। इनके अलावा विधायक मथुरा महतो भी पॉजिटिव निकले हैं। सूबे में 24 घंटे में 179 नए मरीज मिले हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 3056 पहुंच गई है। जबकि 22 मरीजों की जान जा चुकी है। राहत की बात है कि 2104 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं।

रांची में 5 पुलिसकर्मी पॉजिटिव, खलारी थाना सील
मंगलवार को रांची के हिंदपीढ़ी थाने के दो, महिला थाने की दो और आईआरबी के पांच पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव निकले। रांची के खलारी थाने को सील किया गया है। इसके अलावा हजारीबाग में दो थाने को सील कर दिया। नए पॉजिटिवों में रांची में 20, धनबाद में 25, रामगढ़ में 28, हजारीबाग में 6, कोडरमा में 7, लोहरदगा में 3, पलामू में 2, देवघर में 3, गढ़वा, लातेहार, सिमडेगा में एक-एक मरीज मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *