लालू यादव को सांस लेने में काफी परेशानी, ऑक्सीजन लेवल घटा

पटना : राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है। डॉक्टरों ने बताया कि उनका ऑक्सीजन लेवल भी काफी कम हो गया है। ऐसे में डॉक्टरों ने कोरोना जांच की। रैपिड एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। बता दें चारा घोटाले में लालू यादव सजा काट रहे हैं। फिलहाल वह रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हैं। यूनिट इंचार्ज डॉ. उमेश प्रसाद और उनकी टीम लालू के स्वास्थ्य पर नजर रख रहे हैं। डॉक्टरों ने बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल के अधीक्षक को जानकारी दे दी है।

स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे रिम्स
लालू प्रसाद की तबीयत खराब होने की सूचना पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रिम्स पहुंच गए हैं। मंत्री बन्ना गुप्ता ने डॉक्टरों से लालू के स्वास्थ्य की जानकारी ली। रिम्स के अधीक्षक डॉ. विवेक कश्यप ने लालू का स्वास्थ्य जाना। इनके अलावा झारखंड के राजद अध्यक्ष अभय सिंह, युवा राजद अध्यक्ष रंजन सिंह भी रिम्स पहुंचे हैं। बताया जाता है कि लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव भी कल सुबह तक रिम्स पहुंच जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *