शेखपुरा में लव, सेक्स और धोखा, युवती के कपड़े तक ले भागा प्रेमी

पटना : शेखपुरा में एक युवती लव, सेक्स और धोखे की शिकार हो गई। अपने प्रेमी के प्यार में लड़की ने अपना घर छोड़ दिया और उसके साथ भाग गई। दोनों ने एक मंदिर में शादी रचाई और फिर कोलकाता चले गए। वहां कुछ दिन बीताने के बाद वापस शेखपुरा आए। यहां किराए के एक मकान में दोनों रहने लगे। फिर उसका प्रेमी अचानक उसके सभी कपड़े, मोबाइल और कागजात लेकर फरार हो गया। मामला शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड के एक गांव का है। युवती ने थाने में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लड़की का कहना है कि उसके मोबाइल में ही दोनों की शादी की फोटो थी। आरोपी युवक का नाम अमरजीत है। वह चेवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरारी बीघा गांव का निवासी है। युवती जब पढ़ने जाती थी तो अमरजीत ने उसे प्रपोज किया था। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में रहे और अमरजीत ने 14 अप्रैल को गिरीहिंडा पहाड़ के शिव मंदिर में दिखावाटी एक शादी कर ली। महिला थाने की पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के घर गई थी, लेकिन पता चला कि वह काफी दिनों से घर से गायब है।

बेउर जेल में कैदी ने लगाई फांसी
राजधानी पटना के बेउर जेल में एक कैदी ने फंदे से झूल गया। समय रहते पुलिसकर्मियों की नजर पड़ी और उसे बचा लिया गया। जेल के टॉयलेट के अंदर कैदी ने आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद जेल में हड़कंप मच गया। कैदी का नाम मंतोष कुमार है। वह रनिया तालाब का निवासी है। खाने को लेकर किसी कैदी से उसका विवाद हुआ था, उसके बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

युवक की हत्या से आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर चलाईं गोलियां
सासाराम जिले के बिक्रमगंज अनुमंडल अंतर्गत बिक्रमगंज में आपसी विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने बिक्रमगंज थाना चौक को जाम किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशितों को सड़क जाम हटाने को समझाया तो लोगों ने पुलिस वालों पर ही हमला कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बल पर गोलियां भी चलाईं। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मृत युवक की पहचान राशिद आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि खेलकूद के विवाद में राशिद की हत्या की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है। इसके बावजूद पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम किया और पुलिस वालों पर फायरिंग की।

रोहतास में दुकानदारों ने पुलिस पर बरसाए पत्थर
रोहतास में सब्जी मंडी को बाजार से हटाकर जगजीवन स्टेडियम में शिफ्ट किए जाने को लेकर दुकानदारों ने पुलिस वालों पर हमला कर दिया। दुकानदारों ने पुलिस कर्मियों पर पत्थर बरसाए, जिसमें दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान करगहर बाजार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सब्जी दुकानदारों के समर्थन में फुटपाथी दुकानदार भी आ गए और पुलिस का जमकर विरोध किया। पुलिस ने एक उपद्रवी को गिरफ्तार किया है। उक्त जगह पर पुलिस बलों की संख्या बढ़ा दी गई। दरअसल, एक दिन पहले ही थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने माइकिंग कर दुकानदारों को बताया था कि सब्जी मंडी को स्टेडियम में शिफ्ट किया जा रहा है। बाजार में सब्जी नहीं बेचेंगे, लेकिन दुकानदारों ने बाजार में ही मंडी लगा दी। इस पर ही दुकानदारों और पुलिस में विवाद हुआ।

लॉकडाउन में श्राद्ध में ऑर्केस्ट्रा पर बंद कराने गई पुलिस पर हमला
सारण में लॉकडाउन में भी श्राद्ध कर्म में ऑर्केस्ट्रा का आयोजन हो रहा है। इतना ही नहीं जब पुलिस उक्त कार्यक्रम को बंद कराने पहुंची तो गांव वालों ने पुलिस वालों पर ही हमला कर दिया। घटना अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखना यादव टोले की है। यहां ऑर्केस्ट्रा बंद कराने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इसमें थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप घायल हो गए। जबकि छह पुलिसकर्मी मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों में थनाध्यक्ष सुजीत कुमार, सैप जवान आरएन सिंह, होमगार्ड जवान राजकिशोर शर्मा और सुदर्शन सिंह शामिल हैं। घायलों का पीएचसी में इलाज हुआ।

ऑर्केस्ट्रा में सोशल डिस्टेंसिंग नहीं, किसी ने मास्क भी नहीं पहना था
लखना यादव टोले में सकल राय के श्राद्ध कर्म में ऑर्केस्ट्रा हुआ था। इसमें सैकड़ों लोगों की भीड़ थी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाई गईं। वहां मौजूद कोई भी आदमी मास्क नहीं पहना था। गांव के कुछ लोगों ने डीएम को उक्त कार्यक्रम की सूचना दी। इसके बाद डीएम ने सीओ सुशील कुमार को संज्ञान लेने के लिए कहा। सीओ ने थानाध्यक्ष और पुलिस बल को लेकर उक्त जगह पहुंचे और आयोजकों को ऑर्केस्ट्रा बंद कराने को कहा। इस पर आयोजक भड़क गए और पुलिस से उलझ गए। फिर पुलिस वालों पर हमला कर दिया। पुलिस पर हमले की सूचना पर मढ़ौरा डीएपी इंद्रदेव बैठा भेल्दी, तरैयां, मकेर, परसा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी भी की गई। गिरफ्तारियों में अवधेश राय, मशरक निवासी मंगेश पंडित, रतन पंडित, बीरेंद्र पंडित और रंजन पंडित शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *