पटना में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर मां को मार दी गोली

पटना : बेटी से हो रही छेड़खानी का विरोध करने पर मां को गोली मार दी गई। घटना राजधानी पटना के फतुहा की है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। मोहल्लेवासियों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। मृत महिला की पहचान फतुहा थाना क्षेत्र अंतर्गत जग्गू बिगहा निवासी ललन यादव की पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि आशा की बेटी से गांव के चंदन कुमार ने दो दिन पहले छेड़खानी की थी। इस पर दोनों परिवारों में झगड़ा हुआ था। इससे आक्रोशित चंदन ने आशा की हत्या कर दी।

पुलिस ने 3 लोगों को किया गिरफ्तार, 3 खोखे भी बरामद
पुलिस ने हत्या मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि मुख्य आरोपी चंदन कुमार फरार है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद किए हैं। थाने में दिए आवेदन में पीड़ित परिवार ने बताया कि मंगलवार की रात चंदन और उसके परिवार से उन लोगों की नोकझोंक हुई थी। अगले सुबह कुछ लोगों ने उनके घर पर गोलीबारी शुरू कर दी और गोली आशा को लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

सीतामढ़ी में व्यापारी को मारी गोली
सीतामढ़ी जिले में दुकान बंद कर घर जा रहे व्यापारी को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र की है। घायल व्यापारी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। खोपा गांव निवासी और घायल व्यापारी लाल बाबू ससाह ने बताया कि गिसरा बाजार में उनकी दुकान है, जिसे बंदकर वह घर लौट रहे थे, तभी उन्हें गोली मारी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *