सासाराम में 4 बेटियों के साथ मां ट्रेन की चपेट में आई, एक गंभीर, शादी समारोह में जा रहीं थीं शामिल होने

पटना : सासाराम में शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। इसमें एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति बेहद नाजुक है। घटना दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलमार्ग पर तकिया गुमटी के आगे हुई। शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत करूप गांव निवासी अखिलेश महतो की पत्नी 40 वर्षीय कुंती देवी अपनी चार बेटियों के साथ रेलवे लाइन क्रॉस कर रहीं थीं, तभी ट्रेन की चपेट में पांचों आ गए। घायलों में कुंती देवी, प्रीति, रेणुका, सोनी, नीलू शामिल हैं। परिजनों ने कहा कि महिला अपनी बेटियों के साथ शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। परिजनों ने बताया कि कुंती का मायका सासाराम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के उचितपुर गांव में है। वो उचितपुर के किसान तपेश्वर सिंह की बेटी हैं। वह बेटियों को लेकर सुबह पहले बस से मायके की शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकली थी। शादी सासाराम के तकिया मोहल्ले के शिव मंदिर में होनी थी।

नगर थानाध्यक्ष कामाख्या सिंह ने बताया कि घटना सुबह छह बजे की है। नगर थाने की पुलिस ने घायलों को स्कूल बस में लादकर सदर अस्पताल पहुंचाया है। वहां से प्रारंभिक इलाज के बाद सभी को रेफर कर दिया गया। डॉ. सिद्धार्थ ने बताया कि मां और दो बेटी को गंभीर चोटें लगीं हैं। उनके सिर और पैर में गहरी चोट है। एक बेटी की हालत गंभीर है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रेल लाइन ट्रैक को एक महिला चार लड़कियों के साथ पार कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन तेजी से गुजरी और चीख-पुकार मच गई। शोर सुनते आसपास से गुजर रहे लोग ट्रैक की ओर दौड़े। लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते पुलिस मौके पर पहुंची। नगर थानाध्यक्ष कामाख्या सिंह ने वहां से गुजरते हुए एक स्कूल वैन को रुकवाया और उससे घायलों को अस्पताल लेकर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *