UP में 3 जगहों के बदलेंगे नाम, अलीगढ़ होगा हरिगढ़

पटना : उत्तरप्रदेश में एक बार फिर जगहों के नाम बदले जाने की कवायद शुरू हो गई है। इस बार तीन जगहों के नाम बदले जाएंगे। इनमें अलीगढ़ को अब हरिगढ़ के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा मैनपुरी का नाम मयन ऋषि के नाम पर मयन नगर होगा। फिरोजाबाद जिले का नाम चंद्रनगर रखा जाएगा। इन जगहों के नाम बदले जाने को लेकर जिला पंचायत में प्रस्ताव पास हो गया है। अब जल्द ही इन तीनों जगहों के नाम बदल जाएंगे। बता दें सोमवार को जिला पंचायत बोर्ड की बैठक हुई थी। इस बैठक में जिला पंचायत सदस्य केहरी सिंह और उमेश यादव ने अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ रखने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति जताई और प्रस्ताव को पास कर दिया। मैनपुरी में भी जिला पंचायत के सदस्यों की बैठक में मैनपुरी का नाम मयन ऋषि के नाम पर मयन नगर रखने का प्रस्ताव रखा गया। कुछ जिला पंचायत सदस्यों ने इसका विरोध किया, लेकिन बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पर मुहर लग गई। जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना भदौरिया ने मैनपुरी का नाम मयन नगर करने का प्रस्ताव पास कर दिया। इसी तरह फिरोजाबााद जिला पंचायत की बैठक में अध्यक्ष हर्षिता सिंह ने जिले का नाम बदलकर चंद्रनगर करने के प्रस्ताव को पास कर दिया। अब इन प्रस्तावों को जिला पंचायत अपने स्तर से राज्य सरकार के भेजेगी। फिर राज्य सरकार तय करेगी कि इन जगहों के नाम बदले जाने हैं या नहीं।

पूर्व सीएम कल्याण सिंह ने भी की थी अलीगढ़ का नाम बदलने की कोशिश
उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भी अलीगढ़ का नाम बदलने की कोशिश की थी। विश्व हिंदू परिषद ने 2015 में अलीगढ़ में प्रस्ताव पास कर कहा था कि अलीगढ़ का प्राचीन नाम हरिगढ़ ही है। इसे बाद में अलीगढ़ किया गया था, इसलिए एक बार फिर इसे हरिगढ़ किया जाना चाहिए। इससे पहले 1992 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भी अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की कोशिश की थी। तब कांग्रेस की सरकार थी, इसलिए कल्याण सिंह की कोशिश सफल नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *