उत्तराखंड के नए सीएम पुष्कर सिंह धामी, यूपी में निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत

पटना : उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। यह कुमाऊं क्षेत्र के खटीमा विधानसभा क्षेत्र के दो बार विधायक रहे हैं। इन्हें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। पुष्कर सिंह धामी पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोशियारी के ओएसडी भी रहे हैं। धामी आरएसएस के काफी करीबी हैं। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी रविवार को शपथ ग्रहण करेंगे। रविवार की शाम 5 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इससे पहले शुक्रवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में तीरथ सिंह रावन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया था। इनके अलावा इस पद की रेस में सतपाल महाराज, धनखड़ सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी थे। बीजेपी ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और बीजेपी महासचिव डी पुरंदेश्वरी को पर्यवेक्षक बनाया था। प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा भी मौजूद थीं।

4 महीने मुख्यमंत्री रहे तीरथ सिंह रावत
तीरथ सिंह रावत चार महीने ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। हाल में तीरथ तीन दिनों तक दिल्ली में थे। यहां वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से मुलाकात किए थे। पहले दिन ही उन्हें उत्तराखंड लौटना था, मगर वह नहीं लौटे। तभी से यह कयास लगाए जा रहे थे कि तीरथ सिंह को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ सकता है। तीरथ सिंह रावत ने मार्च में ही मुख्यमंत्री का पद संभाला था।
,
यूपी में निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत
उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगा है। उत्तरप्रदेश के स्थानीय निकाय चुनावों में 60 से अधिक सीटों पर बीजेपी की जीत का अनुमान है। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में 75 सीटें दांव पर हैं। इनमें समाजवादी पार्टी की 6 सीटें जीतने का अनुमान है। इससे पहले 2016 में समाजवादी पार्टी ने 75 में से 60 सीटों पर कब्जा जमाया था। विश्लेषकों ने कहा कि पंचायत चुनाव के नतीजे से यह स्पष्ट नहीं होता कि विधानसभा चुनाव में हवा किस रुख बहेगी। वैसे बीजेपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए एक अंतिम परीक्षा के रूप में काम करेगा। इधर, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रयागराज में स्थानीय निकाय चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर सड़क पर प्रदर्शन किया। इन पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *