गुजरात के सीएम बन सकते हैं नितिन पटेल, घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

पटना : गुजरात के नए मुख्यमंत्री नितिन पटेल बन सकते हैं। उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नितिन फिलहाल सूबे में उप मुख्यमंत्री हैं। विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री के लिए नाम पर चर्चा हो रही है। रविवार की दोपहर भाजपा कार्यालय में पार्टी की बैठक हुई। इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद हैं। इस दौरान नितिन पटेल ने कहा कि सूबे का मुख्यमंत्री ऐसा होना चाहिए, जो सबको साथ लेकर चले। उन्होंने कहा कि ऐसा व्यक्ति मुख्यमंत्री बनना चाहिए जो लोकप्रिय और अनुभवी हो। नितिन ने यह भी कहा कि मीडिया में अगले मुख्यमंत्री के रूप में मेरे नाम की चर्चा की जा रही है पर पार्टी के आलाकमान ही तय करेंगे अगला सीएम कौन होगा।

इन नामों को लेकर तेज हैं अटकलें
गुजरात के नए मुख्यमंत्री पद के दावेदार में दादरा नगर हेवली, दमन-द्वीप और लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल खोड़ाभाई पटेल, सूबे के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया हैं। इनके अलावा केंद्रीय मत्स्य एवं पशु पालन मंत्री पुरुषोत्म रुपाला और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल के नाम की भी चर्चा है। यह भी माना जा रहा है कि दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं।

आरएसएस ने लिखी रुपाणी के इस्तीफे की स्क्रिप्ट
माना जा रहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के इस्तीफे की स्क्रिप्ट आरएसएस की बैठक में लिखी गई है। हाल में संघ प्रमुख के दौरे के बाद विजय के इस्तीफे के फैसले पर मुहर लगी। विजय को अगले साल जनवरी या फरवरी में इस्तीफा देना था पर संघ प्रमुख के दौरे के बाद यह फैसला लिया गया कि विजय को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *