महाराष्ट्र में एक और मंत्री व 129 पुलिस वाले पॉजिटिव, तमिलनाडु में एक दिन में सबसे अधिक 1982 केस

पटना : कोरोना वायरस का संक्रमण महाराष्ट्र में थमने का नाम नहीं ले रहा है। सूबे में एक और मंत्री की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एनसीपी नेता की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमित मंत्रियों की संख्या तीन हो गई है। शुक्रवार को पॉजिटिव मिले मंत्री के स्टाफ के छह सदस्य भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके अलावा महाराष्ट्र पुलिस के 129 लोग संक्रमित मिले हैं। महाराष्ट्र पुलिस में कुल 3388 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। बता दें कि सूबे में अब तक 97648 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इधर, तमिलनाडु में बीते 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा केस आए हैं। उक्त समय में 1982 नए पॉजिटिव मिले हैं। चिंता की बात है कि इनमें 1933 लोग राज्य के ही हैं। शेष 49 बाहरी हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक यहां 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में 24 घंटे में मिले 10956 संक्रमित
देश में पिछले 24 घंटे में अब तक के सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित केस सामने आए हैं। उक्त समय में 10956 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि 396 मरीजों की जान चली गई। अब कुल संक्रमितों की संख्या 2 लाख 97 हजार 535 हो गई है। वहीं, इस महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 8498 पहुंच गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *