पटना। बिहार में शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को आमलोगों की दिनचर्या के अनुकूल और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी कड़ी में पटना के दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अब ओपीडी (OPD) सेवा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगी। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इस विस्तारित ओपीडी सेवा की शुरुआत की।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार द्वारा शुरू की गयी यह सुविधा दरियापुर भट्ठी और शास्त्री नगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगी। अब तक इन दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी का संचालन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक किया जा रहा था। नई व्यवस्था के तहत इसके समय में बदलाव करते हुए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस तरह मरीजों को प्रतिदिन 12 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
नौकरीपेशा और कामकाजी लोगों को मिलेगी राहत
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों, विशेषकर नौकरीपेशा लोगों, दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों और कामकाजी व्यक्तियों को आसानी से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अक्सर कामकाज के निर्धारित समय के कारण कई लोग अस्पताल नहीं पहुंच पाते हैं और उन्हें इलाज के लिए छुट्टी लेनी पड़ती है। वहीं, कुछ लोग सुबह कार्यस्थल जाने से पहले या शाम को काम से लौटने के बाद ही चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के लिए समय निकाल पाते हैं।
ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होने से ऐसे लोगों को काफी सहूलियत होगी। अब वे अपनी सुविधा के अनुसार सुबह या शाम को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकेंगे। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि आर्थिक स्थिति, व्यस्तता अथवा समय की कमी किसी भी व्यक्ति के बेहतर स्वास्थ्य और उपचार में बाधा न बने।

एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई स्वास्थ्य सुविधाएं
दोनों शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों की सुविधा के लिए टीकाकरण, ईसीजी, सामान्य चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ निःशुल्क दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार पॉलीक्लिनिक के माध्यम से विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल ओपीडी का समय बढ़ाना नहीं, बल्कि शहरी आबादी को प्राथमिक स्तर पर अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी है।\
गैर-संचारी रोगों की पहचान और उपचार पर विशेष जोर
इन स्वास्थ्य केंद्रों पर गैर-संचारी रोगों (Non-Communicable Diseases) की समय रहते पहचान, जोखिम कारकों को कम करने और आवश्यक उपचार की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुंह, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर, हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) तथा क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) की स्क्रीनिंग और आवश्यक प्रबंधन की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व देखभाल (Antenatal Care), एनीमिया की जांच तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनके समुचित उपचार और परामर्श की सुविधा दी जा रही है। एनीमिया की जांच डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से की जाती है। जांच के दौरान जरूरत के अनुसार आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराने, रेफरल सेवा तथा एनीमिया की रोकथाम के लिए आवश्यक परामर्श और उपचार सुनिश्चित किया जाता है।\

निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा
मरीजों को दोनों स्वास्थ्य केंद्रों पर विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए संस्थानों में आवश्यक मशीनें और रैपिड टेस्ट किट उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त अन्य जांच की सुविधा हब एंड स्पोक मॉडल के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल, पटना से उपलब्ध कराई जाती है। इससे मरीजों को जांच के लिए बेहतर सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ाव मिल सकेगा।
परिवार नियोजन और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान
स्वास्थ्य केंद्रों में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत महिलाओं को दो बच्चों के बीच उचित अंतर रखने के लिए परामर्श दिया जाता है। इसके साथ ही परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी उपायों के बारे में जानकारी एवं सलाह उपलब्ध कराई जाती है। अस्थायी गर्भनिरोधक उपायों से संबंधित सामग्री जैसे अंतरा, छाया और कंडोम आदि भी निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आमलोगों को उनके सुविधाजनक समय पर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विस्तारित ओपीडी समय से विशेष रूप से उन मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जो अपनी नौकरी, व्यवसाय या दैनिक कामकाज के कारण निर्धारित समय में स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंच पाते थे।












