Bihar CM Nitish Kumar on Manipur JDU

मणिपुर में हमारे विधायक टूटे हैं वोटबैंक नहीं, जदयू कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा पर फूटा गुस्सा

पटना। जदयू की राज्य और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक पटना में जारी है। बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद हैं। बैठक से पहले मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमारे विधायकों को उस वक्त भी तोड़ लिया था, जब हम उनके साथ थे। अब तो हम खिलाफ हैं, तब तोड़ दिया तो क्या बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में हमारे विधायक टूटे हैं, लेकिन वहां हमारा वोट बैंक नहीं टूटा। जनता सब देख रही है।

राज्य के मंत्री व जदयू नेता अशोक चौधरी ने कहा कि मणिपुर में जो नीतीश कुमार को चाहने वाले लोग हैं उन्हें तोड़ा नहीं जा सकता है। हमलोग अपने तरीके से 2024 के लिए तैयारी करेंगे, वो लोग अपने तरीके से करेंगे। इससे पहले पटना में शनिवार को जदयू की होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले पार्टी को तगड़ा झटका लग गया। मणिपुर में जदयू के 6 में से 5 विधायकों ने पाला बदल लिया है। सभी भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें केएच जॉयकिशन, एन सनाते, मोहम्मद अछब उद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक एएम खाउटे और थांगजाम अरूण कुमार शामिल हैं।

मणिपुर विधानसभा सचिवालय ने भी इन विधायकों के भाजपा में शामिल की जानकारी दी है। बता दें कि जदयू ने इस साल मार्च में हुए मणिपुर विधानसभा चुनाव में 38 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, जिसमें से छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब वहां सिर्फ एक विधायक ही जदयू में बचा है।

इधरख् बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इस मामले पर जदयू पर तंज कसा। उन्होंने ट्वीट किया- अरुणाचल के बाद मणिपुर भी जदयूमुक्त। बहुत जल्द लालूजी बिहार को भी जदयू मुक्त कर देंगे। हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में भी जदयू का एक विधायक भाजपा में शामिल हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *