9वीं पास तेजस्वी के पास करोड़ों की संपत्ति, आयकर विभाग का 17578 रुपए बकाया

पटना : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के पास 5.88 करोड़ की संपत्ति है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में इनका 2 लाख 89 हजार 860 रुपए आय है। इनके पास चल संपत्ति 4 करोड़ 73 लाख 20 हजार रुपए की है। जबकि, अचल संपत्ति 1 करोड़ 15 लाख 70 हजार रुपए की। विभिन्न कंपनियों में 4 लाख 88 हजार के शेयर हैं। 100 ग्राम सोना है। बाजार में उसकी कीमत 4 लाख रुपए है। पटना में पॉश इलाकों में आवासीय और कॉमर्शियल मकान और जमीन हैं। गोपालगंज में चार जगहों पर खेती योग्य दो बीघा, 19 डिसमिल 10 कट्‌टा और 17 धुर जमीन है। यह जानकारी तेजस्वी ने अपने शपथ पत्र में दी है। उन्होंने बुधवार को ही राघोपुर से अपना नामांकन किया है, जिसमें बताया कि उनके ऊपर सीबीआई केस समेत 20 मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें कोविड-19 की गाइडलाइन से जुड़े भी मुकदमे हैं। अपनी शिक्षा दिल्ली के आरकेपुरम डीपीएस से 9वीं तक की बताई है।

जदयू और कांग्रेस के नेता हैं सबसे अमीर
बिहार के नेताओं की संपत्ति का आंकड़ा हाल में एडीआर ने उजागर किया। इस रिपोर्ट की मानें तो बिहार में सबसे अमीर विधायक पूनम देवी हैं। जदयू के इस नेता के पास 40 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। खगड़िया से पूनम देवी दो बार विधायक रह चुकी हैं। जदयू ने इस बार भी इन्हें टिकट दिया है। वहीं, भागलपुर विधायक अजीत शर्मा के पास भी 40 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। कांग्रेस नेता के नेता हैं और दो बार विधायक रह चुके हैं। इस बार भी कांग्रेस ने इन्हें भागलपुर से ही टिकट दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *