बेगूसराय में यूको बैंक में डकैती, सहरसा में मोबाइल दुकान के कर्मी से 7 लाख की लूट

पटना : बिहार में बैंक लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब अपराधियों ने बेगूसराय जिले में बैंक लूट को अंजाम दिया है। जिले के चेरिया बरियारपुर के आकोपुर स्थित यूको बैंक में डकैती हुई है। हथियारबंद अपराधियों ने मिनटों में लाखों रुपए लूट लिए और फरार हो गए। फिलहाल पुलिस बैंक पहुंची है और मामले की जांच कर रही है। बैंककर्मियों के अनुसार अपराधी दो बोरे में रुपए लेकर भागे हैं। करीब 6 लाख रुपए की डकैती हुई है।

पिछले साल ज्वेलरी की दुकान में हुई थी डकैती
बेगूसराय में पिछले साल भी डकैती हुई थी। अगस्त 2020 में तेघड़ा बाजार स्थित तेज नारायण लाल की ज्वेलरी दुकान को अपराधियों ने निशाना बनाया था। राजलक्ष्मी ज्वेलर्स से करीब एक करोड़ की डकैती हुई थी। इसमें दो किलो सोना भी था। दुकानदार के अनुसार नकाबपोश और हथियारबंद छह अपराधियों ने डकैती को अंजाम दिया था। भागने के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की थी। दो बाइक पर सवार अपराधियों ने 10-15 मिनट तक लूटपाट की थी। वैसे मामले में पुलिस ने लुटेरों को पकड़ लिया था। उनके पास से सोना, चांदी, पिस्टल और लूट की बाइक भी बरामद हुई थी।

सहरसा में भी लूट, एसपी लिपि सिंह के रहते अपराधी बेखौफ
सहरसा जिले में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। लेडी सिंघम नाम से फेम लिपि सिंह के एसपी होने के बावजूद यहां अपराधी बेखौफ हैं। अपराधियों ने शहर के व्यस्तम मीरा टॉकिज रोड पर मोबाइल दुकान के कर्मचारी को गोली मारकर 7 लाख रुपए लूट लिए हैं। घायल कर्मचारी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही मामले के जल्द खुलासा किए जाने का दावा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *