Free City Bus Service in Patna-Bihar Aaptak

पटना की ‘बहनों’ के नाम सरकार का ‘तोहफा’, राखी के दिन फ्री में कर सकेंगी सिटी बसों में सफर

पटना। परिवहन विभाग रक्षाबंधन के दिन 22 अगस्त को महिलाओं को एक सौगात देने जा रहा है। इस दिन महिलाएं बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की सिटी सर्विस की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस एक दिन के लिए बस में सफर करने के लिए उन्हें किसी तरह का कोई शुल्क नहीं देना होगा।

परिवहन विभाग मंत्री शीला कुमारी ने बताया कि सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने एवं सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन पर विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी। रक्षाबंधन के अवसर पर निःशुल्क यात्रा के लिए कई संगठनों द्वारा अनुरोध किया गया है।

परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा राजधानी में कुल 125 सिटी सर्विस की बसों का परिचालन किया जा रहा है। इसमें 70 बसें सीएनजी और 14 इलेक्ट्रिक बसें हैं। इन सभी बसों में रक्षाबंधन के दिन महिलाओं एवं युवतियों के लिए बस सेवा पूरी तरह फ्री रहेगी।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के प्रशासक श्याम किशोर के अनुसार सिटी बसों में सफर के लिए महिलाओं को मंथली पास में पूर्व से ही विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ ही सभी बसों में 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित किये गए हैं। बसों में सफर के दौरान महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें इसके लिए बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं एवं अन्य सुविधाएं प्रदान किये गए हैं।

‘प्यार’ के ‘बंधन’ का सुहाना ‘सफर’

  • बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा कुल 125 सिटी सर्विस की बसों का किया जा रहा परिचालन।
  • 22 को रक्षाबंधन के दिन निगम द्वारा परिचालित सभी सिटी सर्विस की बसों में महिलाएं कर सकेंगी मुफ्त में यात्रा।
  • सिटी सर्विस की बसों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने एवं सुरक्षित सफर के लिए रक्षाबंधन पर विशेष सुविधा प्रदान की जाएगी।
  • सिटी सर्विस की बसों में सफर के लिए महिलाओं को मंथली पास में भी विशेष छूट दी गई है।
  • महिलाओं को सुविधा प्रदान करने हेतु सभी बसों में पूर्व से ही 65 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित किये गए हैं।
Advt

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *