पटना में गंगा की धार में अंतिम संस्कार, कमर भर पानी में जल रहीं चिताएं

पटना: बिहार में नदियां उफान पर हैं। बक्सर से लेकर कहलगांव तक गंगा नदी रौद्र रूप दिखा रही है। राजधानी पटना में शवदाह गृह में कमर भर पानी बह रही है। इसी बीच अंतिम संस्कार हो रहा है। गुलाबी घाट पर विद़्युत शवदाह गृह में पानी घुसने से शॉर्ट-सर्किट के बाद यह बंद हो गया है। अब लकड़ी पर चिताएं जलाईं जा रहीं हैं। पटना के अलावा मुंगेर, भागलपुर, समस्तीपुर समेत आधा दर्जन जिलों में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पटना में सोन और पुनपुन का भी जलस्तर बढ़ता जा रहा है। बता दें बीते दो दिनों से गंगा इलाहाबाद से लेकर फरक्का तक खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पटना और बक्सर के अलावा सभी तटवर्ती जिलों के दियारा स्थित घरों में पानी घुस चुका है। बक्सर-कोचस स्टेट हाईवे पर लगभग एक फुट पानी चढ़ा हुआ है। भागलपुर में एनएच-80 पर कई जगहों पर पानी चढ़ गया है।

इन जगहों पर खतरे से ऊपर गंगा
राजधानी पटना के गांधीघाट, हाथीदह और भागलपुर के कहलगांव में गंगा अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। हाथीदह में गंगा अपने जलस्तर के उच्चतम स्तर 43.17 मीटर से सात सेमी ही नीचे है। पटना के गांधी घाट पर गंगा 2016 के उच्चतम स्तर 50.52 मीटर को पार कर सकती है। अभी गंगा का जलस्तर 42 सेंटीमीटर नीचे है। गुरुवार को गंगा 50.10 मीटर जलस्तर पर बह रही थी। यह खतरे के लाल निशान से 1.50 सेंटीमीटर ऊपर है। इसी तरह दीघा घाट में गंगा लाल निशान से 107 सेंटीमीटर ऊपर चली गई है। भागलपुर में 53 और कहलगांव में 97
सेंटीमीटर लाल निशान से ऊपर गंगा बह रही है।

48 घंटे में गंगा के जलस्तर के घटने की संभावना
इलाहाबाद में गंगा का जलस्तर गुरुवार की सुबह से घटा है। यहां के डीएम के अनुसार इलाहाबाद में तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गंगा घट रही है। अब इसका असर अन्य शहरों में भी दिखेगा। जानकारों के अनुसार गंगा नदी का जलस्तर अगले 48 घंटे में घटने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *