शराब जब्त करने गए पुलिस वालों को गड़ासे से काट डाला, दारोगा को बंद करके पीटा

पटना: बिहार में शराब माफिया लगातार पुलिस वालों को पीट रहे हैं। शराब के कारोबार से जुड़े लोगों ने इस बार तीन पुलिस वालों को गड़ासे से काट डाला। जबिक दारोगा को कमरे में बंद करके पीटा। घायल पुलिस वालों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक जवान को 25 टांके लगे हैं। घटना मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र की है। यहां झिटकाही गांव में पुलिस टीम शराब जब्त करने गई थी। पुलिस की छापेमारी में शराब नहीं मिलने के बाद ग्रामीणों ने बेवजह परेशान करने का आरोप लगाकर दारोगा अंजार आलम को कमरे में बंदकर खूब पीटा। अन्य पुलिसकर्मियों पर पथराव कर भगा दिया। सूचना मिलने के बाद थानेदार सरोज कुमार और सुरक्षा बलों को लेकर उक्त गांव पहुंचे। इस बार फिर ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला किया। सकरा पुलिस ने करीब 10 राउंड फायरिंग की, जिसके बाद भीड़ हटी।

पुलिस ने दारोगा को छुड़ाया, उपद्रवियों को पीटा
फायरिंग करने के बाद ग्रामीण बिखर गए। इसके बाद पुलिस टीम ने दारोगा अंजार आलम को उनके चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वैसे पुलिस फायरिंग से इंकार कर रही है। वहीं, एक ग्रामीण भी घायल हुआ है। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। थानेदार सरोज कुमार ने बताया कि आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनके अलावा नामजद और अज्ञात 100 से अधिक लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *