मोदी के मंत्रिमंडल में बिहार, यूपी, महाराष्ट्र और बंगाल से ये नेता हो सकते हैं शामिल

पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होने वाला है। ऐसे में बिहार में कयासों का दौर तेज है। बिहार से तीन नेताओं को केंद्रीय मंत्रिमंडल शामिल होने की संभावना है। इसमें सबसे पहला नाम सूबे के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी का है। इनके अलावा जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह और लोजपा के सांसद पशुपति कुमार पारस शामिल हैं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोजपा सांसद पशुपति पारस से फोन पर बातचीत की थी। इस बातचीत की पुष्टि सांसद पशुपति पारस ने की है। हालांकि पशुपति ने कहा है कि गृहमंत्री अमित शाह ने उनसे रामविलास पासवान की जयंती को लेकर बात की थी। इधर, पटना में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू से आरसीपी शामिल होंगे यह कंफर्म नहीं कर सकता पर पार्टी को मंत्रिमंडल में जगह जरूर मिलेगी। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू के कितने नेता होंगे या फिर उन्हें किया जिम्मेदारी मिलेगी, यह शीर्ष नेता ही तय करेंगे। यह पूरी तरह प्रधानमंत्री का अधिकार है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में जदयू 2019 से शामिल होना चाह रहा
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक जदयू 2019 से ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होना चाह रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद से ही आरसीपी सिंह का केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने का अटकलें तेज हैं। बता दें जदयू के 16 सांसद होने के बाद भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में पार्टी को जगह नहीं मिली थी। अब जदयू की दावेदारी में दम दिख रहा है।

सुमो को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद सुशील मोदी को केंद्रीय मंत्रिमंडल में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। बिहार में सुशील मोदी को कोई जगह नहीं मिलने पर ही केंद्र में खास जगह दिए जाने की बात कही गई थी। अब भाजपा अपने इस नेता को मोदी मंत्रिमंडल में नई जिम्मेदारी दिलाने के मूड में दिख रही है।

महाराष्ट्र से पूर्व सीएम को भी मिल सकती है जगह
मोदी के नए मंत्रिमंडल में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को भी जगह मिलने की अटकलें तेज हैं। राणे को शिवसेना से पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निकाला गया था। नारायण राणे पिछले साल अक्टूबर में भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल के अनुप्रिया पटेल को भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा है। अपना दल उत्तरप्रदेश में भाजपा की अहम सहयोगी पार्टी है। इनका कुर्मियों में खास दबदबा है। इनके अलावा बंगाल से भाजपा सांसद नीतीश प्रमाणिक के भी मंत्रि बनने की संभावना है। ये कई दिनों से दिल्ली में ठहरे हुए हैं। माना जा रहा है कि नीतीश मंत्री पद की शपथ लेने के बुलावे का इंतजार कर रहे हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिंया भी पहुंच रहे दिल्ली
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिंया भी दिल्ली आ रहे हैं। इंदौर से वह दिल्ली पहुंच रहे हें। इनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इनके अलावा असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी दिल्ली पहुंच गए हैं। इनके भी मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *