पटना : अब सभी लोगों के वोटर आईडी कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। फर्जी मतदान रोकने और एक मतदाता का कई जगह वोटर कार्ड की धांधली को रोकने के लिए आज लोकसभा में बिल पास हो गया। चुनाव कानून संशोधन विधेयक 2021 के पास होने के बाद हर किसी को अपना वोटर कार्ड आधार कार्ड से जुड़वाना है। पिछले सप्ताह ही मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी, जिसके बाद आज इसे लोकसभा में प्रस्तुत किया गया।
विधि एवं कानून मंत्री किरण रिजिजू ने इस बिल को लोकसभा में पेश किया। इसका विरोध भी हुआ। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि आधार 12 अंक का विशिष्ट पहचान है। इसमें नागरिकों की बायोमेट्रिक और जनसांख्यिकीय जानकारी होती है। आधार केवल निवास का प्रमाण रहना चाहिए, इसे नागरिकता का प्रमाण नहीं बनाया जा सकता। अगर, आप मतदाता से आधार कार्ड मांग रहे हैं तो आपको केवल एक दस्तावेज मिलेगा, जो नागरिकता नहीं, बल्कि उसका निवास बताता है। ऐसा करके आप संभावित तौर पर गैर-नागरिकों को भी मतदान का अधिकार दे रहे हैं।