अंडरवियर में लेकर जा रहा था 4.5 करोड़ का सोना, पहुंच गया जेल

पटना : सोना तस्करी के लोग एक-एक तरकीब अपनाते हैं। इन तरकीबों का पता चलने पर पुलिस वालों के भी होश उड़ जाते हैं। अब लखनऊ में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां एक शख्स अपने अंडरवियर में 9 किलो सोना लेकर जा रहा था। इस सोने की कीमत 4.5 करोड़ रुपए है। पुलिस ने जब शख्स को गिरफ्तार किया और उसके अंडरवियर की जांच की तो उसके होश उड़ गए। अंडरवियर में एक जेब थी, जिसमें से 9 किलो सोना निकला। पुलिस ने इस शख्स को जेल भेज दिया है। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर सोना तस्कर को पकड़ा है। यह तस्कर मुजफ्फरनगर जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक शख्स सऊदी अरब के रियाद से 9 किलो सोना लेकर लखनऊ पहुंच रहा है। सूचना मिलने के बाद टीम पूरी अलर्ट थी। फ्लाइट के आने पर एक यात्री बाहर आया और पोर्टिको में खड़ी कार में बैठकर चल दिया। इतने में डीआरआई की टीम ने उस गाड़ी का पीछा शुरू किया और आगरा एक्सप्रेस-वे पर उस गाड़ी को रोका। यहां शख्स की तलाशी ली और शक सही निकला। उसके अंडरवियर की जेब से सोने के 77 बिस्किट मिले।

मुजफ्फरनगर से जुड़े तस्करी के तार
सोना तस्करी के तार मुजफ्फरनगर से जुड़ गए हैं। हाल में मुजफ्फरनगर के दो लोगों को लखनऊ में ढाई करोड़ रुपए के सोने के साथ पकड़ा गया था। अब यह शख्स भी 4.5 करोड़ रुपए का सोना लेकर मुजफ्फरनगर ही जा रहा था। तब डीआरआई की टीम ने बागोवाली गांव में दबिश डाली थी। हालांकि कोई सफलता हाथ नहीं लगी थी। उम्मीद जताई जा रही है कि एक बार फिर डीआरआई की टीम मुजफ्फरनगर में दबिश डाल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *