पुलिस हिरासत में युवक ने लगाई फांसी, मारपीट मामले में हुई थी गिरफ्तारी

पटना : पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर लिए जाने का फिर मामला आया है। घटना वैशाली जिले की है। यहां पिता और पत्नी से मारपीट मामले में जेल में कैद अमरजीत चौधरी ने फंदे से लटककर जान दे दी है। एसपी ने घटना की जांच का आदेश दिया है। बताया जाता है कि चेहराकला के कटहरा ओपी पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया था। बता दें जनवरी में पटना में पुलिस हिरासत में आरोपी धर्मेंद्र मांझी की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने हाईवे पर जोरदार प्रदर्शन किया था। दो हफ्ते पहले अररिया में भी एक कैदी ने जेल में ही आत्महत्या कर ली थी। तब भी उक्त युवक के परिजनों ने जेल और थाने में जमकर बवाल मचाया था।

पिता और दो बेटों को मारी गोली
भोजपुर में खेत से लौट रहे पिता और दो बेटों पर अपराधियों ने फायरिंग की। घटना में 60 वर्षीय दीनबंधु बिंद, 35 वर्षीय विष्णु बिंद और 28 वर्षीय भगवान बिंद जख्मी हो गए हैं। तीनों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया और फिर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना बड़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत फुहां गांव के दियारा की है। ग्रामीणों ने बताया कि दीनबंधु अपने बेटों के साथ चौरासी गांव में यमुना राय के खेत में मजदूरी करते हैं। खेत से तिलहर काटकर ट्रैक्टर से वे लौट रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। इधर, एसपी हरकिशोर राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घर में घुसकर विधवा को मारी गोली
बेगूसराय में अपराधियों ने घर में घुसकर एक विधवा को गोली मार दी। घटना मुफ्फिसल थाना क्षेत्र अंतर्गत सूजा पंचायत के भर्रा गांव की है। जख्मी महिला को एक युवक ने अस्पताल में भर्ती करवाया और फिर वहां से भाग गया। फिलहाल सदर अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। घायल महिला की पहचान महेश्वर शर्मा की पत्नी बिंदा देवी के रूप में हुई है। मुफ्फिसल थाने के दारोगा अंबिका प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। गोली मारने वाले आरोपी का पता लगाया जा रहा है। वहीं, सरपंच शंकर शर्मा ने कहा कि उक्त महिला यहां अकेली रहती है। उसके घर के सभी सदस्य दूसरे राज्य में काम करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *