अयांश के मां-बाप मदद के लिए पहुंचे नीतीश के जनता दरबार, नहीं मिली इंट्री

पटना : 16 करोड़ रुपए के इंजेक्शन के लिए अयांश के माता-पिता सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार में पहुंच गए। जनता दरबार के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं होने के कारण दोनों अंदर नहीं जा सके। इससे पहले अयांश के पिता अलोक और माता नेहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई थी। बता दें अयांश एक दुर्लभ बीमारी से जूझ रहा है। 11 महीने के अयांश को बचाने के लिए 16 करोड़ का इंजेक्शन की अंतिम इलाज है। सोमवार को अयांश के माता-पिता बेटे की जान की गुहार लगाने मुख्यमंत्री के जनता दरबार पहुंचे थे। इससे पहले कई नेताओं ने आर्थिक मदद की है। अब तक सिर्फ 6 करोड़ रुपए का ही इंतेजाम हुआ है। अयांश के पिता ने बताया कि उनके बेटे की तबीयत दो महीने बाद ही बिगड़ने लगी थी। पटना के कई डॉक्टरों को दिखाने के बाद वे अयांश को लेकर बेंगलुरू गए। वहां पांच डॉक्टरों ने अयांश की जांच की। इसके बाद अयांश को स्पाइनल मस्कुलर अट्रॉफी बीमारी होने की जानकारी हुई। इसके लिए डॉक्टरों की टीम ने बताया कि अमेरिका से 16 करोड़ का इंजेक्शन आएगा, जिससे अयांश की जान बच सकती है।

इतनी बड़ी रकम इंतजाम करना संभव नहीं
अयांश के पिता ने कहा कि उनके लिए इतनी बड़ी रकम का इंतेजाम करना संभव नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर क्राउड फंडिंग की गुहार लगाई, जिसके बाद कुछ पैसे इकट्‌ठा हुए हैं। सोशल मीडिया पर अब भी लगातार मुहिम जारी है पर इसमें बहुत समय लग जाएगा। आलोक ने बताया कि थक-हारकर वह मुख्यमंत्री के जनता दरबार में पहुंचे हैं, ताकि उनकी मदद से वे अपने बच्चे को बचा सकें। उधर, मुख्यमंत्री जनता दरबार में खाद्य आपूर्ति, समाज कल्याण, कृषि, नगर विकास, लघु सिंचाई, पंचायती राज समेत अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सुन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *