नालंदा में बड़ा हादसा; 8 लोगों की मौत, सीएम ने जताया दुख और दिया है आदेश

पटना : नालंदा में बड़ा सड़क हादसा हो गया है। अनियंत्रित ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया। इसमें आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना से स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसमें एक एएसआई भी घायल हो गए। दरअसल, तेल्हाड़ा थाने के पास अनियंत्रित ट्रक ने कई दुकानों को तोड़ दिया और कई लोगों को भी कुचला। इसमें आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रक जहानाबाद से आ रहा था और थाना गेट के पास ही अनियंत्रित हुआ दुकानों को तोड़ने लगा। इसमें दुकानदार समेत ग्राहकों की मौत हो गई। मरने वालों में प्रद्युमन बिंद, कौशल बिंद समेत आठ लोग हैं। दुर्घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दुख जताया है। उन्होंने मृत लोगों के परिवारों को चार-चार लाख अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। सीएम ने घायल लोगों के स्वस्थ होने की कामना की।

मुंगेर में वकील को मारी गोली, पटना रेफर
मुंगेर में वकील को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना मुंगेर किले के दक्षिणी गेट पर की है। यहां बाइक सवार अपराधियों ने जमालपुर के वलीपुर निवासी वकील मो. मंजर को गोली मारी है। इस वक्त उनके साथ उनका भांजा आफताब आलम भी था। वकील कोर्ट से वापस अपने भांजे की बाइक पर बैठकर घर जा रहे थे, तभी अपराधियों ने हमला किया। भांजा आफताब ने बताया कि गोली लगने के बाद मामा मो. मंजर बेहोश हो गए। हमला करने वाले तीन बाइक पर सवार होकर आए थे। गोली मारने के बाद सभी सोझी घाट की ओर भाग निकले। डॉक्टरों ने बताया कि गोली वकील के गले में फंसी है। उनका प्राथमिक उपचार कर पटना रेफर कर दिया गया है।

गोपालगंज में क्रिकेट के विवाद में युवक को मारी गोली
गोपालगंज में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल युवक की पहचान मो. सलीम के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है। वहीं, घटना के बाद से उसके साथ क्रिकेट खेलने वाले सभी लड़के फरार हैं। घायल ने बताया वह अपने साथियों के साथ नगर थाने के तकिया बनकट के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहा था, तभी हार-जीत को लेकर विवाद शुरू हुआ और एक पक्ष के युवक ने पिस्टल निकाल कर उसको गोली मार दी।

समस्तीपुर में खेत किनारे मिला युवती का शव
समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में किशोरी का शव मिला है। शव खेत में फेंका हुआ था। ग्रामीणों और पुलिस ने भी प्रथम दृष्टया रेप के बाद हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग गेहूं के खेत में घास काटने गए थे, तभी शव पर नजर पड़ी। किशोरी के कान से खून बह रहा था और उसके हाथ पर उषा लिखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *