पटना से सिलीगुड़ी जा रही बस पलटी, थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन यात्री घायल

पटना : राजधानी पटना से सिलीगुड़ी जा रही बस दुर्घटना की शिकार हो गई। इसमें आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। बस अररिया जिले के फारबिसगंज में हादसे की शिकार हुई। स्थानीय पुलिस ने घायलों को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर के अनुसार तीन की स्थिति गंभीर हैं। इन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है। घायलों में पूर्णिया जिले के बायसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार भी शामिल हैं। दूसरी ओर बस के चालक और खलासी दुर्घटना के बाद से फरार हैं।

घायलों में ये लोग हैं शामिल
बस हादसे में घायल लोगों में बायशी थानाध्यक्ष 41 वर्षीय शैलेश कुमार, कटिहार निवासी 28 वर्षीय सुमन कुमार पासवान, अहमदाबाद निवासी 24 वर्षीय ममता बेन, पूर्णिया निवासी 35 वर्षीय नंदलाल महलदार, भागलपुर जिले के बिहपुर वार्ड-4 निवासी कर्ण कुमार, विजन नगर वार्ड-7 निवासी आशिफ रजा शामिल हैं।

यात्री बोले-चालक को झपकी आने से हुई दुर्घटना
बस के यात्रियों ने बताया कि फारबिसगंज अंतर्गत रामपुर चौक और बस स्टैंड के बीच फोरलेन पर बस पलटी है। चालक को झपकी आने के कारण बस दुर्घटना की शिकार हुई है। इस संबंध में फारबिसगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है। जबकि तीन गंभीर घायलों को पूर्णिया भेज दिया गया है। साथ ही आरोपी बस चालक और खलासी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्हें हिरासत में लेने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *