Covid-19 : सांसद आरसीपी सिंह, जदयू विधायक और पटना डीएम पॉजिटिव, 14 की मौत

पटना : कोरोना का संक्रमण पटना कलेक्ट्रेट तक पहुंच गया है। शनिवार को डीएम कुमार रवि समेत 17 अधिकारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा जदयू सांसद आरसीपी सिंह और उनकी पत्नी, जदयू विधायक ललन पासवान भी संक्रमित मिले हैं। इधर, डीएम ने खुद को होम क्वारेंटाइन कर लिया है। तीन अधिकारियों को अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि बुधवार को डीएम को हल्का बुखार था। फिर भी वो ड्यूटी पर थे। उन्हें सर्दी-खांसी हो रही थी। उन्होंने एंटीजन टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। फिर पीसीआर जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। डीएम समेत 17 अधिकारियों को कोरोना होने के बाद कलेक्ट्रेट में दहशत का माहौल है। पदाधिकारी और कर्मचारी काम पर आ रहे हैं, लेकिन संक्रमण से भयभीत हैं। इधर, सूबे में 3521 नए मरीज मिले। कुल संक्रमितों की संख्या 54508 हो गई है। वहीं, इस दिन कोरोना संक्रमित 14 लोगों की मौत हो गई। अब तक 312 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

झारखंड में 878 नए मरीज मिले
झारखंड में बीते 24 घंटे में 878 नए मरीज मिले हैं। सूबे में कुल संक्रमितों की संख्या 11366 हो गई है। शनिवार की रात आठ बजे तक कोरोना जांच में 57 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें 22 लोग रिम्स के हैं, जबकि रांची में 34 लोग संक्रमित मिले हैं। गढ़वा में भी एक मरीज मिला है। बता दें यहां अब तक 110 लोगों की जान जा चुकी है। फिलहाल 6913 मरीजों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *