पटना : बिहार में एक और नवनिर्वाचित मुखिया की हत्या कर दी गई है। मंगलवार की सुबह गोपालगंज जिले में अपराधियों ने नवनिर्वाचित मुखियों को गोलियों से भून डाला। थावे प्रखंड की धतिवना पंचायत के मुखिया सुखल मुसहर को बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मारी। ग्रामीणों के अनुसार जब मुखिया सुखल घर का मुख्य गेट खोल रहे थे, तभी अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग आए तो देखा कि बाइक सवार दो बदमाश भाग रहे हैं।
सुखल गांव के ही प्रकाश सिंह के यहां रहते थे। हर दिन की तरह मंगलवार की सुबह भी वह पशुओं को चारा खिलाने के बाद घर का दरवाजा खोल रहे थे, तभी वारदात को अंजाम दिया गया। ग्रामीण मुखिया को लेकर अस्पताल गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि हत्या को चुनावी रंजिश में अंजाम दिया गया है। गोली मारने वाले युवकों की जल्द गिरफ्तारी होगी।