पशुपति पारस ने चिराग को फिर दिया झटका; श्रीप्रकाश सिंह को बनाया राष्ट्रीय सचिव, प्रिंस राज को बिहार अध्यक्ष

पटना : केंद्रीय मंत्री और लोजपा (पारस गुट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने अपने भतीजे चिराग पासवान को फिर झटका दिया है। पशुपति ने अपनी पार्टी का सात राज्यों में नए अध्यक्ष का चुनाव किया है। इसमें पशुपति ने उत्तरप्रदेश के श्रीप्रकाश सिंह को पार्टी में राष्ट्रीय सचिव बनाया है। इसके अलावा सांसद और चिराग के खास रहे प्रिंस राज को बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। नए अध्यक्षों के मनोनयन को लेकर पार्टी के प्रवक्ता श्रवण कुमार अग्रवाल ने जानकारी शेयर की है। इन्होंने बताया कि बिहार के प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज होंगे। झारखंड के अध्यक्ष विकास रंजन उर्फ पप्पू सिंह, उत्तरप्रदेश के ललित नारायण चौधरी, महाराष्ट्र के रवि गरूड़, ओडिशा के वीरेंद्र कुमार बैग, त्रिपुरा के रूमकर और दादर नगर हवेली और दामन दीव के प्रदेश अध्यक्ष अमित नरेश राठी बनाए गए हें। पारस गुट के नेता केशव कुमार सिंह, रामजी सिंह, विरेंद्र सिंह, ललन सिंह, अंबिका प्रसाद बिनू, संजय सर्राफ, महताब आलम, एलके लजोरा, जिया लाल और एलविन जोसेफ ने कहा कि नए अध्यक्षों के मनोयन के बाद पार्टी का विस्तार होगा।

चिराग बोले- किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करना प्राथमिकता नहीं
चिराग पासवान दिल्ली से गुरुवार की सुबह पटना पहुंचे। यहां एयरपोर्ट ने उन्होंने मीडिया को बताया कि उनकी प्राथमिकता किसी पार्टी से गठबंधन करना नहीं है। मुझे पार्टी को मजबूत करना है और मेरा पूरा ध्यान आशीर्वाद यात्रा पर है। चिराग ने कहा कि सभी दल गठबंधनों की चर्चा चुनाव के समय करते हैं, इसलिए अभी इस पर बात करना मुनासिब नहीं है। इस दौरान संसद सत्र में अपने चाचा पशुपति पारस से मुलाकात की बात पर उन्होंने कहा कि हम दोनों सांसद हैं तो मुलाकात होगी ही, लेकिन यह लड़ाई लंबी चलेगी। चिराग पासवान ने बिना नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधा। जनसंख्या के मुद्दे पर कहा कि कानून बनाकर जनसंख्या नियंत्रण करना संभव नहीं है। यह जागरूकता से भी संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *