Mahendra Singh Dhoni and Ravindra Jadeja CSK in IPL2022

रवींद्र जडेजा संभालेंगे CSK की कमान, अगले साल से IPL नहीं खेलेंगे महेंद्र सिंह धोनी

मुंबई। महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान नहीं होंगे। उन्होंने टीम की कप्तानी छोड़ दी है। उनकी जगह रवींद्र जडेजा कमान संभालेंगे। सीएसके ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इस बात की घोषणा की है। जडेजा 2012 से चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा हैं। माही की कप्तानी में चेन्नई ने 4 बार IPL का खिताब जीता है। चेन्नई टीम ने इस बार जडेजा और धोनी समेत 4 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। बता दें कि धोनी 14 साल से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान थे और यह पहला मौका है जब सीएसके का कप्तान बदला गया है।

जडेजा को फ्रेंचाइजी ने 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। वहीं, धोनी को इस सीजन के लिए 12 करोड़ रुपए मिले थे। पहले भी कयास लगाए गए थे कि जडेजा को कप्तान बनाया जा सकता है। उनके अलावा मोईन अली को 8 करोड़ और ऋतुराज गायकवाड़ को 6 करोड़ रुपए में रिटेन किया गया था। धोनी ने सीएसके के लिए 213 मैचों में कप्तानी की है। टीम को 130 मैच में जीत दिलाई है। बीच में सुरेश रैना ने भी 6 मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें से टीम ने सिर्फ 2 ही मैच जीते थे। इन दोनों के अलावा टीम का कोई भी कप्तान नहीं रहा है।

चेन्नई के मैनेजमेंट ने कप्तानी में यह बड़ा फेरबदल का फैसला टूर्नामेंट के आगाज से ठीक दो दिन पहले ही लिया है। टूर्नामेंट का पहला मैच 26 मार्च से खेला जाएगा। ओपनिंग मैच चेन्नई और कोलकाता के बीच खेला जाएगा। जडेजा की कप्तानी में चेन्नई टीम इस बार अपना खिताब बचाने और 5वां टाइटल जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

सूत्रों के अनुसार धोनी ने ही रवींद्र जडेजा के नाम का प्रपोजल रखा और इसे मंजूर कर लिया गया। जडेजा का ऑलराउंडर होना इसकी सबसे बड़ी वजह है। पिछले 2 साल से जडेजा की परफॉर्मेंस में निखार भी इसकी वजह है। रिटेंशन के वक्त ही इस बात के संकेत मिल गए थे कि कप्तान बदला जाएगा। सीएसके ने जडेजा को 16 करोड़ में रिटेन किया था, जबकि धोनी को 12 करोड़ में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *