रोहतास में पत्नी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे कुख्यात कल्लू की हत्या, अपराधियों ने 10 गोलियां मारीं

पटना : बिहार पंचायत चुनाव के दौरान हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब रोहतास में पत्नी के लिए चुनाव प्रचार कर रहे कुख्यात की हत्या कर दी गई है। अपराधियों ने उसे 10 गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना शिव सागर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथी गांव की है। कैमूर के सिकठी गांव का निवासी कल्लू खां उर्फ फिरोज पुलिस से बचने के लिए रोहतास के शिव सागर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथी गांव में रहता था। उसकी पत्नी कोनार पंचायत से मुखिया पद पर चुनाव लड़ रही है। चुनाव प्रचार के दौरान वह अपनी पत्नी के साथ बाहर निकला था। तभी बाइक सवार कल्लू खां को अपराधियों ने घेर लिया और उस पर गोलियों बरसा दीं। कल्लू की पत्नी ने हत्या का आरोप गांव के ही इजहार पर लगाया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि कल्लू खां अपराधी था। उसे शिव सागर प्रखंड की कोनार पंचायत की वार्ड सदस्य तारा खातून के बेटे खुर्शीद की हत्या मामले में 2018 गिरफ्तार किया गया था। अभी वह जमानत पर था। उससे पहले वह तेलड़ा के नरोसह मुसहर, कैथी के जगदेव साह, शिवप्रसाद साह समेत आधा दर्जन लोगों की हत्या और कई अन्य घटनाओं को अंजाम दे चुका था।

20 कांडों में वांछित था कल्लू खां
कल्लू खां 20 कांडों में वांछित था। जेल में होने के बाद में उसके द्वारा कई संगीन अपराध को अंजाम दिलाया गया था। तत्कालीन एसपी मनु महाराज की अनुशंसा पर कल्लू पर सीसीए लगाया गया था। उसने सासाराम में कपड़ा व्यवसासी समेत कई लोगों को गोली भी मारी थी। पुलिस के अनुसार 2007 में वह पुलिस की हिरासत से भाग गया था। बैंक डकैती, अपहरण समेत दो दर्जन आपराधिक मामले को अंजाम दे चुका था। रोहतास और कैमूर में उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं। बहरहाल, पुलिस कल्लू खां की हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *